ग्वालियर-चंबल अंचल की एक बड़ी परेशानी जल्द ही खत्म हो जाएगी। यहां से गुजरता नेशनल हाइवे 719 बहुत संकरा है जिससे दुर्घटनाओं के साथ अन्य कई दिक्कतें पेश आती हैं। इस समस्या के निराकरण के लिए सालों से एनएच को चौड़ा करने की मांग उठ रही थी। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने इस मांग को स्वीकार करते हुए एनएच 719 के चौड़ीकरण के प्रस्ताव को मंजूर कर लिया।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ट्वीट कर यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि NH-719 केवल दो लेन का है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं। सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से हाइवे को चार लेन करने का अनुरोध किया गया, जिसे उन्होंने स्वीकृति दे दी।
Ladli Behna Yojana- लाड़ली बहनों को राखी की सौगात, सीएम ने रक्षाबंधन पर अतिरिक्त राशि देने का किया ऐलान
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ प्रतिनिधिमंडल में सांसद संध्या राय और भाजपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र नरवरिया भी शामिल थे। इस दल में खासतौर पर संतों को शामिल किया गया था। इनमें दंदरौआ सरकार रामदास महाराज, अवधूत हरिनिवास महाराज, रामभूषण दास महाराज, कालिदास महाराज, राघवपुरी महाराज, उमेश दास महाराज, रामधुन दास महाराज और रामेश्वर दास महाराज शामिल थे।
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने एक्स हेंडल पर लिखा-
ग्वालियर-चंबल अंचल को जल्द मिलने जा रही है एक और महत्वपूर्ण सौगात आज दिल्ली में भिंड से आए प्रतिनिधिमंडल के साथ केंद्रीय मंत्री श्री @nitin_gadkariजी से मुलाक़ात कर NH-719 के चौड़ीकरण हेतु निवेदन किया गया, जिसे माननीय गडकरीजी ने सहजता से स्वीकार किया।
वर्तमान में यह हाईवे केवल दो लेन का है, जिससे आए दिन आमजन को दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ता है। इस गंभीर स्थिति से उन्हें अवगत कराते हुए मार्ग को चार लेन में विस्तारित करने का अनुरोध किया गया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकृति प्रदान की।











