Adani News: अदाणी समूह के निदेशक प्रणव अदाणी ने मध्य प्रदेश के गुना जिले में अदाणी सीमेंट ग्राइंडिंग यूनिट के भूमिपूजन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि यह परियोजना सिर्फ एक औद्योगिक निवेश नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश के विकास और स्थानीय युवाओं के भविष्य में निवेश है।
कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
प्रणव अदाणी ने कहा कि मध्य प्रदेश में बुनियादी ढांचे, उद्योग और रोजगार को लेकर तेजी से काम हो रहा है, जिससे निवेश का माहौल मजबूत हुआ है। उन्होंने बताया कि अदाणी समूह ऊर्जा, अवसंरचना, लॉजिस्टिक्स और हरित तकनीक जैसे क्षेत्रों में लगातार विस्तार कर रहा है।
उन्होंने कहा कि भोपाल में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के दौरान अदाणी समूह ने मध्य प्रदेश में ₹1.10 लाख करोड़ निवेश का संकल्प लिया था, जिसके तहत सीमेंट, माइनिंग, स्मार्ट मीटर, हाइड्रो पंप्ड स्टोरेज और थर्मल ऊर्जा क्षेत्रों में परियोजनाएं विकसित की जाएंगी। समूह का दावा है कि इससे वर्ष 2030 तक करीब 1.20 लाख रोजगार अवसर पैदा होंगे।
प्रणव अदाणी के अनुसार गुना में स्थापित होने वाली यह सीमेंट यूनिट सालाना 40 लाख मीट्रिक टन क्षमता के साथ दो चरणों में विकसित की जाएगी।
पहले चरण को वर्ष 2028 तक शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। परियोजना में ₹1060 करोड़ से अधिक का निवेश प्रस्तावित है।
उन्होंने बताया कि इस परियोजना से लगभग 1500 प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे। साथ ही ट्रांसपोर्ट, सर्विस सेक्टर और स्थानीय सप्लाई नेटवर्क को भी बढ़ावा मिलेगा।
मध्य प्रदेश में बढ़ रहा अदाणी समूह का विस्तार
प्रणव अदाणी ने कहा कि कटनी जिले के अमेठा और काइमोर प्लांट में समूह पहले ही ₹4000 करोड़ से अधिक का निवेश कर चुका है। इसके अलावा अदाणी पावर मध्य प्रदेश को 1200 मेगावॉट बिजली की आपूर्ति कर रहा है तथा 5600 मेगावॉट अतिरिक्त उत्पादन की तैयारी जारी है।
उन्होंने यह भी बताया कि धार, रतलाम, लाहौरी और उज्जैन में विंड एनर्जी परियोजनाओं पर काम चल रहा है और उज्जैन में भी जल्द सीमेंट प्लांट का भूमिपूजन किया जाएगा।
प्रणव अदाणी ने अपने संबोधन के अंत में कहा कि अदाणी समूह मध्य प्रदेश के विकास में भागीदार बनकर काम करता रहेगा और राज्य के औद्योगिक विकास में योगदान देता रहेगा।
ये भी पढ़िए– “BJP पूंजीवाद को देती है बढ़ावा”, Akhilesh Yadav का सरकार पर हमला, बोले- जल्द बढ़ेंगे Petrol-Diesel के दाम










