पुलिस के उत्तरी दिल्ली जिला साइबर प्रकोष्ठ में तैनात एक कांस्टेबल और उसके साथी को एक व्यक्ति का अपहरण करने और डेढ़ लाख रुपये की फिरौती मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मामले की जांच के बाद उत्तरी जिले के कोतवाली थाने ने आरोपी मोइन अली और उसके साथी अख्तर को गिरफ्तार कर लिया।
सूत्रों ने बताया कि उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले का रहने वाला अली 2024 बैच का कांस्टेबल है। अपराध में उसकी कथित संलिप्तता सामने आने के बाद उसे सेवा से निलंबित कर दिया गया है। सूत्र के मुताबिक, कथित अपहरण और फिरौती की मांग के संबंध में शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी।
इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपियों की कथित संलिप्तता स्थापित करने के लिए तकनीकी साक्ष्य और मुखबिरों से जानकारी जुटाई। सूत्र ने बताया कि जांच के दौरान जुटाई गई जानकारी से पुलिस को संदिग्धों की पहचान करने में मदद मिली, जिसके बाद अली और अख्तर को रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपियों को एक अदालत ने जेल भेज दिया है।
पुलिस अब मामले से जुड़े दो और संदिग्धों की तलाश कर रही है। जांचकर्ता घटनाओं के क्रम और प्रत्येक आरोपी की भूमिका का पता लगाने के लिए कथित अपहरण और उसके बाद पैसों की मांग से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रहे हैं। सूत्र ने कहा कि कथित अपराध में और लोगों के शामिल होने का पता लगाने और अपहरण व वसूली के मामले के संबंध में अतिरिक्त साक्ष्य जुटाने के लिए आगे की जांच जारी है।
