बालाघाट, 22 नवंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले में शनिवार को एक मेले में कथित तौर पर चाऊमीन खाने से सौ से अधिक बच्चे और करीब 12 व्यस्क खाद्य विषाक्तता के कारण बीमार हो गये, हालांकि, उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी के मुताबिक यह मामला जिले के किरनापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हिरी में आयोजित एक मेले में हुई।
खाद्य विषाक्तता एक ऐसी बीमारी है, जो दूषित भोजन या पानी के सेवन से होती है।
जिलाधिकारी आदित्य सिंह ने बताया कि मेले में शनिवार को कुछ लोगों ने चाऊमीन का सेवन किया था और फिर उन्होंने पेट दर्द की शिकायत की।
उन्होंने बताया कि 118 बच्चों को तत्काल किरनापुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से 45 बच्चों को बेहतर उपचार के लिए बालाघाट जिला चिकित्सालय लाया गया जबकि बाकी पीड़ितों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
सिंह ने बताया कि इन बच्चों के अलावा 12 वयस्कों को भी जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
जिलाधिकारी ने जिला चिकित्सालय पहुंचकर बच्चों से चर्चा की और उनकी तबीयत के संबंध में जानकारी ली तथा चिकित्सकों को सभी मरीजों का समुचित एवं बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शत्रुघ्न सिंह दाहिया ने बताया कि जिला चिकित्सालय के बच्चा वार्ड में भर्ती सभी 45 बच्चों तथा मेडिकल वार्ड में भर्ती 12 वयस्कों की स्थिति सामान्य है।
उन्होंने कहा, ‘सभी मरीज खतरे से बाहर हैं और चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है।’
भाषा सं ब्रजेन्द्र
रंजन
रंजन
