Madhya Pradesh Road Accident मध्यप्रदेश में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां प्रदेश के अलग-अलग जिलों में हुए भीषण सड़क हादसों में कुल पांच लोगों की मौत हो गई। हादसों के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे और मामले की जांच में जुटे।
मिली जानकारी के अनुसार, पहला हादसा सतना जिले के सभापुर थाना क्षेत्र में हुआ है, यहां बिरसिंहपुर-कोटर मार्ग पर डोमहाई गांव के पास एक तेज रफ्तार कार और बाइक की टक्कर हो गई। हादसा इतना भयानक था कि कार बाइक सवारों को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गई और सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। हादसे में बिजली का पोल भी टूट गया।
शादी समारोह से वापस लौटते वक्त हुआ आदसा
पुलिस के मुताबिक हादसा सुबह उस वक्त हुआ जब लौलाच निवासी सत्यनारायण साकेत अपने जीजा हरिलाल हरिजन और रणधीर सिंह के साथ बिरसिंहपुर में आयोजित एक शादी समारोह से बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में हरिलाल हरिजन और रणधीर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल सत्यनारायण ने जिला अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।
परिवारों में पसरा मातम
दुर्घटना के बाद कार चालक और उसके साथ मौजूद लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर सभापुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था की। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर फरार चालक और अन्य लोगों की तलाश शुरू कर दी है। शादी समारोह से हंसी-खुशी लौट रहे तीन युवकों की मौत से उनके परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
विदिशा में दो लोगों की मौत
वहीं दूसरा हादसा विदिशा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम हिरनई के पास हुई है, जहां बाइक में सवार दो लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दीपक और मनोज कुशवाह अपने रिश्तेदार के घर गंगा पूजन कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। इसी दौरान दूसरी बाइक से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना के दौरान दीपक और मनोज की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे बाइक सवार जिला अस्पताल में भर्ती है। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और जांच जारी है।
