MP News: उज्जैन के चापाखेड़ा बालिका छात्रावास में उस समय हड़कंप मच गया, जब छात्रावास में रहने वाली छात्राओं की तबीयत संदिग्ध रूप से अचानक बिगड़ने लगी। देखते ही देखते छात्रावास की 21 छात्राएं गंभीर रूप से बीमार हो गई। जिसके बाद सभी को आनन फानन में अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
21 छात्राएं अस्पताल में भर्ती
दरअसल, छात्रावास के पास मौजूद एक खेत में चिरायता निकाली जा रही थी। कटाई के दौरान फसल की उड़ती धूल से छात्राओं को एलर्जी होने लगी। जिसके बाद एक एककर छात्राएं बीमार होने लगी। जिससे छात्रावास में हड़कंप मच गया और गंभीर हालात में सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले की जानकारी मिलते ही शहर के एस.डी.एम. और थाना प्रभारी अस्पताल पहुंचे और छात्राओं की हालत का जायजा लिया। छात्राओं की हालत की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन की ओर से उचित इलाज का आश्वासन दिया है। वहीं अधिकारियों ने इसकी जांच शुरू कर दी है। डॉक्टरों की प्रारंभिक इलाज में चिरायता से होने वाली समस्याओं के ही लक्षण सामने आए हैं।
क्या है चिरायता की फसल?
चिरायता एक बेहद गुणकारी औषधीय का पौधा है। प्राकृतिक चिकित्सा में इसका इस्तेमाल सबसे ज्यादा किया जाता है। पारंपरिक रूप से बुखार उतारने, पाचन और भूख से जुड़ी समस्याओं के लिए इसे बेहद असरदार माना जाता है। स्वाद में ये बहुत कड़वी होती है। आयुर्वेदिक दवाइयों और हर्बल उत्पादों में इसका खूब उपयोग होता है। चिरायता की सूखी फसल की कटाई के दौरान अकसर इसकी धूल हवा में उड़ती है। जिससे सांस लेने में दिक्कत, खांसी और छींक, एलर्जी, आंखों में जलन और सिरदर्द जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
पहले भी दर्ज हुआ ऐसा मामला
बीते दिनों उज्जैन के महीदपुर थाना क्षेत्र में भी चिरायता की फसल से एक छात्रावास की 15 से अधिक छात्राओं को सिरदर्द, उल्टी और सांस लेने में दिक्कत जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा था। जिसमें से 5 छात्राओं को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इतना ही नहीं कई छात्राओं को तो आईसीयू में भी भर्ती करना पड़ा था।
