इंदौर, 24 नवंबर (भाषा) मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मंगलवार को कहा कि इंदौर में प्रशासन द्वारा 42 मकान ढहाए जाने के खिलाफ प्रमुख विपक्षी दल लोगों की कानूनी लड़ाई लड़ेगा और 15,000 कार्यकर्ताओं को जुटाकर जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) भू-माफिया को संरक्षण दे रही है। भाजपा ने इस आरोप को खारिज करते हुए दावा किया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि शहर की कृष्णबाग कॉलोनी में प्रशासन ने अवैध तौर पर बनाए गए 42 मकान एक न्यायालय के आदेश के परिपालन में सोमवार को ढहा दिए थे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पटवारी ने प्रभावित परिवारों से मंगलवार को मुलाकात के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘कांग्रेस ने इन परिवारों को न्याय दिलाने के लिए शीर्ष अदालत तक कानूनी लड़ाई लड़ने का निर्णय किया है। इसका पूरा खर्च कांग्रेस उठाएगी।’’
उन्होंने कहा कि कृष्णबाग कॉलोनी में 42 मकान ढहाए जाने की कार्रवाई के विरोध में 15,000 कांग्रेस कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय का जल्द ही घेराव करेंगे।
पटवारी ने आरोप लगाया कि भू-माफिया को भाजपा के संरक्षण के कारण शहर में लगातार अवैध कॉलोनियां विकसित की जा रही हैं।
प्रदेश भाजपा प्रवक्ता राकेश सिंह यादव ने पलटवार करते हुए कहा कि पटवारी 15,000 लोगों को जुटाकर जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव करने की बात कहकर अराजकता फैलाना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि कृष्णबाग कॉलोनी में मकान हटाने की कार्रवाई न्यायालय के आदेश के तहत हुई है और इसका विरोध करने के लिए लोगों को उकसाना अदालत के आदेश की अवमानना करने जैसा है।
भाजपा प्रवक्ता ने दावा किया, ‘‘कृष्णबाग कॉलोनी की विवादित जमीन मूल रूप से एक गृह निर्माण सहकारी संस्था की थी। इस जमीन पर कब्जा किए जाने के बाद अवैध रूप से भूखंड बेचकर कॉलोनी विकसित की गई। यह सब वर्ष 1992 से 1998 के बीच कांग्रेस शासनकाल में हुआ था।’’
भाषा हर्ष मनीषा वैभव
वैभव
