National News: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Defense Minister Rajnath Singh) ने तीन लाख कैडेट रिक्तियों के साथ राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) के विस्तार के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
इस विस्तार से देश भर के शैक्षणिक संस्थानों में NCC की बढ़ती मांग को पूरा करने की उम्मीद है। इस मंजूरी के साथ NCC के पास अब 20 लाख कैडेटों की स्वीकृत संख्या होगी, जो इसे दुनिया का सबसे बड़ा वर्दीधारी युवा संगठन बना देगी। 1948 में केवल 20,000 कैडेटों के साथ NCC का गठन हुआ था। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुसार NCC को एक वैकल्पिक विषय के रूप में पेश किए जाने के साथ, NCC का यह विस्तार देश के भावी मार्गदर्शक के रूप में अहम भूमिका निभाने की युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने की दिशा में बड़ा कदम होगा। इस विस्तार से सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में रिक्तियों का आनुपातिक वितरण होगा और NCC के इच्छुक शैक्षणिक संस्थानों की प्रतीक्षा सूची में कमी आएगी।
इस विस्तार योजना में चार नए समूह मुख्यालयों और दो नई NCC इकाइयों की स्थापना शामिल है।
इस विस्तार योजना का एक महत्वपूर्ण पहलू यह है कि इसमें पूर्व सैनिकों को NCC प्रशिक्षकों के रूप में रोजगार देने का प्रस्ताव शामिल है, जिससे उनके कौशल और लंबे अनुभव का लाभ उठाया जा सके। इस पहल से NCC कैडेटों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण सुनिश्चित हो सकेगा और उनके लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
यह विस्तार अनुशासन, नेतृत्व और सेवा की भावना से ओतप्रोत मार्गदर्शक तैयार करने के प्रति समर्पण का प्रतीक है। NCC का लक्ष्य एक ऐसा वातावरण तैयार करना है, जहां युवा राष्ट्र निर्माण में सार्थक योगदान दें। यह पहल ‘अमृतपीढ़ी’ के प्रेरित, अनुशासित और देशभक्त युवाओं के आधार का विस्तार करेगी जो ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को प्राप्त करने में योगदान देंगे।
ये भी पढ़िए-











