वारदात स्थल पर हत्याकांड का रिक्रिएशन किया जाएगा। सूत्रों की मानें तो मेघालय पुलिस अधिकारियों ने इस संबंध में स्थानीय मीडिया को जानकारी दी है।
हत्या से पहले का वीडियो वायरल
देशभर में चर्चित शिलांग में इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या में गिरफ्तार पत्नी सोनम, उसके कथित प्रेमी राज व तीन दोस्तों से पुलिस पूछताछ कर रही है। राजा की तेरहवीं पर राजा-सोनम और आरोपियों के दो वीडियो सामने आए हैं। इनमें वे 23 मई की सुबह 9.30 बजे सीढियां चढ़ते दिख रहे हैं। इसे हत्याकांड से कुछ समय पहले का बताया जा रहा है। मेघालय पुलिस जल्द ही वारदात स्थल पर हत्याकांड का रिक्रिएशन करेगी। जल्द ही मेघालय पुलिस सभी आरोपियों को इंदौर लेकर आएगी।
सोनम का किया मेंटल हेल्थ चेकअप
सूत्रों की माने तो पूर्वी खासी हिल्स पुलिस सोमवार को सोनम को मनोवैज्ञानिक मूल्यांकन के लिए मेघालय के मेंटल हेल्थ इंस्टिट्यूट ले गई। एसपी विवेक सिम ने बताया कि वह पता लगा रहे हैं कि हिरासत में अवसाद में है या नहीं।
कार्रवाई नहीं हुई तो सोनम के घर के बाहर करेंगे आंदोलन
सचिन रघुवंशी ने बताया कि भाई राजा की हत्या हुई। इसके बाद भी आरोपी सोनम के परिजन को पकड़ा नहीं गया। आज यदि सोनम गायब होती तो हमारे परिवार को जेल भेज दिया जाता। ये कौनसा न्याय है? राजा को अभी भी न्याय नहीं मिला है। हम नार्को टेस्ट की मांग इसलिए कर रहे हैं, क्योंकि सोनम लगातार गुमराह कर रही है। वह 14 दिन इंदौर भी रही। इतनी बड़ी साजिश रची। जिन लोगों के नाम सामने आ रहे हैं, सभी पर कार्रवाई हो। यदि एक सप्ताह में सोनम के परिजनों पर कार्रवाई नहीं की गई तो हम उसके घर के बाहर बैठकर आंदोलन करेंगे।











