रायसेन में अज्ञात वाहन की टक्कर से तेंदुए की मौत, वन विभाग ने दर्ज किया मामला

By
—
On:
Follow Us

रायसेन, 27 नवंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में एक अज्ञात वाहन की टक्कर से तेंदुए की मौत हो गई। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी के अनुसार, यह घटना बृहस्पतिवार शाम जिला मुख्यालय से करीब आठ किलोमीटर दूर सागर मार्ग पर हुई।

वनमंडलाधिकारी (डीएफओ) प्रतिभा शुक्ला ने बताया कि सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। तेंदुए के सिर में गंभीर चोट के निशान मिले।

उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम में भी सिर में चोट लगने के कारण उसकी मौत होने की पुष्टि हुई। तेंदुआ करीब दो से तीन वर्ष का था।

शुक्ला ने बताया कि घटना वन परिक्षेत्र पूर्व रायसेन की अमरावद बीट के कक्ष क्रमांक आरएफ-381 की वन सीमा से करीब 165 मीटर दूर राजस्व भूमि पर हुई।

शुक्ला ने बताया कि दिल्ली स्थित राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) और मध्यप्रदेश के मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक कार्यालय की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार घटनास्थल घेराबंदी की गई है। इसके बाद खोजी कुत्तों के दल की मदद से घटनास्थल और आसपास के इलाके में तलाशी अभियान चलाया गया।

उन्होंने बताया कि वन्यजीव चिकित्सक डॉ. अमित ओझा और रायसेन की पशु चिकित्सक डॉ. अमर ज्योति टोप्पो ने तेंदुए का पोस्टमार्टम किया। जांच में तेंदुए के शरीर के सभी अंग सुरक्षित पाए गए।

निर्धारित प्रक्रिया के तहत वन अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी में मृत तेंदुए का विनष्टीकरण किया गया। पूरी कार्रवाई की तस्वीरें और वीडियो भी तैयार किए गए हैं।

वन विभाग ने इस मामले में वन अपराध का प्रकरण दर्ज किया है। अज्ञात वाहन चालक की तलाश की जा रही है और कार्रवाई जारी है।

भाषा सं दिमो खारी

खारी

Source link

For Feedback - vindhyaajtak@gmail.com 

विज्ञापन

WhatsApp Image 2026-08-14 at 10.20.28 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 10.20.27 PM

Leave a Comment

Breaking News