हेमंत खंडेलवाल होंगे भाजपा की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष

By
—
On:
Follow Us

भोपाल, एक जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक एवं पूर्व सांसद हेमंत कुमार खंडेलवाल पार्टी की मध्यप्रदेश इकाई के नए अध्यक्ष होंगे। भाजपा सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

साठ वर्षीय खंडेलवाल 2020 से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल रहे विष्णु दत्त शर्मा की जगह लेंगे।

भाजपा के मीडिया विभाग के प्रभारी आशीष अग्रवाल ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘प्रदेश अध्यक्ष के नाम की औपचारिक घोषणा बुधवार को की जाएगी।’

इससे पहले, खंडेलवाल ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में अपना नामांकन पत्र जमा किया। मुख्यमंत्री मोहन यादव खुद खंडेलवाल के प्रस्तावक बने और उनका नामांकन पत्र जमा कराया।

भाजपा नेताओं ने बताया कि नामांकन की प्रक्रिया खत्म होने तक किसी अन्य ने नामांकन पत्र नहीं भरा, इसलिए खंडेलवाल का निर्विरोध नया अध्यक्ष चुना जाना तय है।

नामांकन के दौरान यादव और शर्मा के अलावा केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया, वीरेंद्र खटीक सहित कई अन्य नेता मौजूद थे।

हेमंत खंडेलवाल, एक राजनीतिक पृष्ठभूमि से आते हैं। उनके पिता विजय कुमार खंडेलवाल बैतूल से चार बार लोकसभा के सदस्य रहे हैं। साल 2007 में उनका निधन हो गया था।

इसके बाद हुए लोकसभा के उपचुनाव में पहली बार हेमंत खंडेलवाल ने किस्मत आजमाई और फिर जीत दर्ज करने के बाद वह संसद पहुंचे।

हेमंत खंडेलवाल 2010 से 2013 तक बैतूल में भाजपा के जिलाध्यक्ष रहे और 2013 से 2018 तक बैतूल के विधायक भी रहे। वह प्रदेश भाजपा के कोषाध्यक्ष भी रह चुके हैं। साल 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने बैतूल से फिर से जीत दर्ज की।

वर्तमान में खंडेलवाल कुशाभाऊ ठाकरे ट्रस्ट के अध्यक्ष हैं।

भाषा

ब्रजेन्द्र, रवि कांत

रवि कांत

Source link

For Feedback - vindhyaajtak@gmail.com 

विज्ञापन

WhatsApp Image 2026-08-14 at 10.20.28 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 10.20.27 PM

Leave a Comment

Breaking News