राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार सुबह आसमान में बादल छाए रहे और भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शहर के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है। आईएमडी ने शनिवार के लिए ‘येलो अलर्ट’ भी जारी किया है। दिल्ली के मौसम का प्रतिनिधि केंद्र माने जाने वाले सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम और एक दिन पहले के मुकाबले एक डिग्री कम है।
शहर के अन्य मौसम केंद्रों पर भी न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। पालम में न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो एक दिन पहले के मुकाबले 0.9 डिग्री कम है। लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आयानगर में यह एक दिन पहले के मुकाबले 1.2 डिग्री कम रहा। आईएमडी ने दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है और दिनभर के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहने की संभावना है।
सुबह से पूर्वाह्न के दौरान अधिकांश स्थानों पर एक या दो बार बहुत हल्की से हल्की बारिश और कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज के साथ छींटे पड़ने, बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। हवा के झोंकों की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।’’
अधिकारी ने बताया कि दोपहर से शाम के बीच एक बार फिर बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इस बीच, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार सुबह दिल्ली की वायु गुणवत्ता ‘संतोषजनक’ श्रेणी में रही। सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 71 दर्ज किया गया, जबकि शुक्रवार शाम चार बजे तक पिछले 24 घंटे की अवधि का औसत एक्यूआई 78 था और वह भी ‘संतोषजनक’ श्रेणी में था।
सीपीसीबी के मानकों के अनुसार, एक्यूआई को शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।


