Ladli Behna Yojana 250 Rupees: उज्जैन: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रविवार को कहा कि लाड़ली बहना योजना की 1.27 करोड़ लाभार्थियों को सात अगस्त को रक्षाबंधन के तोहफे के रूप में उनके बैंक खातों में 250 रुपये अंतरित किए जाएंगे।
उन्होंने इस 250 रुपये की राशि को ‘‘एक भाई की तरफ से बहनों को प्यार के रूप में दिया गया एक उपहार बताया।’’
मुख्यमंत्री ने यहां ‘बेस्ट लाइफस्टाइल’ कंपनी में काम करने वाली महिलाओं द्वारा आयोजित रक्षा बंधन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि यह राशि राज्य की प्रमुख योजना के तहत हर महीने मिलने वाली 1,250 की राशि के अतिरिक्त है।
उन्होंने कहा, ‘‘राज्य की हर महिला मेरी बहन है। यह मेरा गौरव और सम्मान है। मध्यप्रदेश सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है कि किसी भी बहन को कठिनाई का सामना न करना पड़े।’’
उन्होंने कहा कि ‘बेस्ट लाइफस्टाइल’ में वर्तमान में 1500 महिलाएं कार्यरत हैं और यह संख्या जल्द ही 4000 तक जाएगी।
उन्होंने कहा कि कंपनी को एक नया स्थल आवंटित किया गया है जिसमें उनके लिए आवासीय सुविधाएं भी होंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस क्षेत्र की एक अन्य प्रमुख कंपनी ‘प्रतिभा सिंटेक्स’ में 7,000 महिलाएं कार्यरत हैं, जिनमें से सभी कुशल श्रमिक हैं जो उच्च गुणवत्ता वाले कपड़ों का उत्पादन करते हैं। इन्हें संयुक्त राज्य अमेरिका में निर्यात किया जाता है।
उन्होंने बताया कि फर्म ने 11 लाख इकाइयों का निर्यात किया और जल्द ही 20 लाख इकाइयों तक पहुंचने का लक्ष्य है।
यादव ने कहा, ‘‘मैं मेहनती बहनों को नमन करता हूं जो इस प्रगति की रीढ़ हैं। मेरे लिए मेरी बहनें ही सब कुछ हैं।’’
उन्होंने कहा कि उज्जैन में कपड़ा मिलों में रोजगार 5,000 से बढ़कर अब 20,000 हो गया है और यह आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘उज्जैन में उद्योग आ रहे हैं। मध्यप्रदेश में निवेशक रुचि दिखा रहे हैं। इससे नौकरियां पैदा हो रही हैं, जो हमारे राज्य के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गर्व की बात है।’’
यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार विभिन्न राज्य संचालित योजनाओं के तहत कंपनी में काम करने वाली महिलाओं को 5,000 रुपये प्रदान कर रही है और कई कल्याणकारी पहलों को लागू करने की दिशा में काम जारी है।
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा 10 जून 2023 को जबलपुर से लाड़ली बहना योजना शुरू की गई थी। इसे 2023 के विधानसभा चुनावों में भाजपा की शानदार जीत के प्रमुख कारणों में से एक माना जाता है।
अधिकारियों के अनुसार, महिलाओं के लिए निर्धारित 27,147 करोड़ रुपये के विशेष बजट में से 18,699 करोड़ रुपये लाड़ली बहना योजना के लिए है।
भाषा ब्रजेन्द्र खारी
खारी