Andhra Pradesh के 100 शहरी निकायों में मतदान शांतिपूर्ण, SEC ने शिकायतों पर दिए जांच के आदेश

By
—
On:
Follow Us


अमरावती, एक नवंबर आंध्र प्रदेश के राज्य निर्वाचन आयुक्त (एसईसी) अनिल चंद्र पुनेठा ने रविवार को कहा कि राज्य के 100 शहरी स्थानीय निकायों के लिए मतदान ज्यादातर इलाकों में शांतिपूर्ण रहा, हालांकि कुछ जगहों से छिटपुट शिकायतें मिली हैं। पुनेठा ने यहां आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदान प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि विभिन्न राजनीतिक दलों से प्राप्त शिकायतों और अभ्यावेदनों की जांच की जा रही थी और जिलाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों तथा चुनाव पर्यवेक्षकों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

पुनेठा ने बताया कि आंध्र प्रदेश के 100 शहरी स्थानीय निकायों के लिए मतदान ज्यादातर इलाकों में शांतिपूर्ण रहा, हालांकि कुछ जगहों से छिट-पुट शिकायतें मिली हैं। राज्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि उन्होंने कडपा, पलनाडु, अनंतपुर, कुरनूल, नेल्लोर और तिरुपति सहित 12 जिलों के जिलाधिकारियों के साथ मतदान प्रक्रिया और सामने आई घटनाओं की समीक्षा की। पुनेठा के मुताबिक, जिलाधिकारियों ने उन्हें बताया कि ज्यादातर इलाकों में मतदान शांतिपूर्ण रहा, जबकि कुछ जिलों से छोटी-मोटी शिकायतें मिली हैं।

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि विजयवाड़ा के वार्ड 55 में तकनीकी और अन्य कारणों से मतदान शुरू होने में देरी हुई, जिसके बाद मतदान का समय ढाई घंटे बढ़ाकर शाम पांच बजे से शाम 7.30 बजे तक कर दिया गया। उन्होंने बताया कि यह फैसला इसलिए लिया गया, ताकि मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के अवसर से वंचित न रह जाएं। पुनेठा ने कहा कि पलनाडू और अनंतपुर से सामने आई घटनाओं की जांच, पीठासीन अधिकारियों से रिपोर्ट मिलने और अन्य सबूतों की समीक्षा करने के बाद की जाएगी।

उन्होंने कहा कि अगर शिकायतें सही पाई गईं, तो नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। राज्य निर्वाचन आयोग ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार अपराह्न तीन बजे तक 48.03 प्रतिशत मतदान हुआ था। उसके मुताबिक, मतदान केंद्रों से पूरी जानकारी मिलने के बाद, सोमवार को अंतिम मतदान प्रतिशत की घोषणा की जाएगी।

इस बीच, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) हरीश कुमार गुप्ता ने बताया कि राज्य में 92 शहरी स्थानीय निकायों -जिनमें 13 नगर निगम और 79 नगरपालिकाएं व नगर पंचायतें शामिल हैं- के लिए मतदान कुछ छोटी-मोटी घटनाओं को छोड़कर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। शीर्ष पुलिस अधिकारी के मुताबिक कडपा, कुरनूल और अनंतपुर सहित 20 जिलों से चुनाव से जुड़ी 41 घटनाओं की सूचना मिली है। उन्होंने बताया कि संबंधित जिलों के पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे प्रत्येक घटना की जांच करें, जिम्मेदार लोगों की पहचान करें और उनके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई शुरू करें।

गुप्ता के मुताबिक, संवेदनशील और अति संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था, जबकि मतदान प्रक्रिया की निगरानी के लिए वीडियोग्राफी, ड्रोन, शरीर पर पहने जाने वाले कैमरों और अन्य निगरानी प्रणालियों का इस्तेमाल किया गया। गुप्ता ने बताया कि पुलिस सुरक्षा के घेरे में मतपेटियों को तय स्ट्रांग रूम तक पहुंचाने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं, और मतगणना शुरू होने तक यह सुरक्षा व्यवस्था कायम रहेगी। पुलिस महानिदेशक ने चेतावनी दी थी कि जो लोग मतदान में बाधा डालने या सार्वजनिक व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करेंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने चुनावों के दौरान पुलिसकर्मियों और सुरक्षा बलों द्वारा किए गए काम की सराहना भी की।



Source link

For Feedback - vindhyaajtak@gmail.com 

विज्ञापन

WhatsApp Image 2026-08-14 at 10.20.28 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 10.20.27 PM

Leave a Comment

Breaking News