Singrauli News: सिंगरौली जिले में अदाणी फाउंडेशन के सहयोग से जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर स्थानीय बच्चों द्वारा प्राप्त उल्लेखनीय सफलताओं को ध्यान में रख कर अन्य स्कूली बच्चों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से खनुआ-गजरा बहरा में खेल प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
उल्लेखनीय है कि गजरा बहरा स्थित अदाणी फाउंडेशन स्पोर्ट्स अकादमी के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने जिला, संभाग, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में कुल 54 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सर्टिफिकेट एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इस क्षेत्र में खेलों के प्रति बढ़ती जागरूकता और युवाओं का उत्साह वास्तव में सराहनीय है।
सम्मान समारोह के पश्चात विजेता खिलाड़ियों एवं अन्य प्रतिभागियों द्वारा गजरा बहरा बाजार में एक जागरूकता रैली भी निकाली गई।
इस रैली के माध्यम से बच्चों ने खेलों के प्रति रूचि बढ़ाने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा अनुशासन और टीम भावना के महत्व का सन्देश आमजन तक पहुँचाया। इस मौके पर खिलाडियों, अभिभावकों, ट्रेनर एवं स्थानीय ग्रामीणों की प्रमुख रूप से मौजूदगी रही। प्रमुख अतिथि के तौर पर गोरा, खनुआ एवं गजरा बहरा पंचायतों के सरपंचों और पंचायत सचिवों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को बेहद सफल बनाया। जबकि अदाणी समूह की ओर से सीएसआर के मनोज प्रभाकर एवं अन्य अधिकारियों ने कार्यक्रम के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश के विभिन्न स्तरों (ब्लॉक, जिला, संभाग, राज्य) पर दिनांक 11 से 31 जनवरी 2026 तक आयोजित “खेलो एमपी यूथ गेम्स 2026” में सिंगरौली जिले के विक्रम सिंह, रोहित गुप्ता एवं सूर्यबली सिंह ने अलग-अलग स्पर्धाओं में रजत पदक जीतकर अपने स्कूल, परिवार, गांव और जिले का नाम रोशन किया है।
वहीं राष्ट्रीय स्तर पर सुष्मिता विश्वकर्मा (वॉलीबॉल) एवं मझौली पाठ गांव की रहनेवाली वर्षा साह ने डीएवी संस्थानों द्वारा नोएडा में आयोजित राष्ट्रीय तीरंदाजी चैंपियनशिप में अंडर 14 आयु वर्ग में 50 मीटर दूरी की प्रतिस्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर सभी का ध्यान आकर्षित किया है।
कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत बंधौरा स्थित पावर प्लांट तथा धिरौली और सुलियरी स्थित परियोजनाओं के आसपास के गांवों के इच्छुक बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अदाणी फाउंडेशन स्पोर्ट्स अकादमी की शुरुआत हायर सेकेंडरी स्कूल, खनुआ परिसर से की गई।
खो-खो, कबड्डी, तीरंदाजी, ऊंची कूद और वॉलीबॉल जैसे खेलों में स्थानीय आदिवासी समुदाय एवं आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कुशल एवं अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा उन्हें निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि उनके सपनों को नई उड़ान मिल सके।
उल्लेखनीय है कि अदाणी फाउंडेशन द्वारा संचालित इस अकादमी के माध्यम से अब तक कुल 122 स्कूली छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है। कुछ बच्चों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के वजह से खनुआ गाँव में संचालित स्पोर्ट्स अकादमी अब जिले के लिए गौरव का विषय बनता जा रहा है।
ये भी पढ़िए – CIL चेयरमैन ने किया NCL की जयंत खदान का औचक निरीक्षण; जानिए क्या क्या हुआ ?










