हरियाणा के फरीदाबाद जिले के अनंगपुर गांव में बृहस्पतिवार को किराये के एक मकान से 36 वर्षीय एक व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि मृतक की गर्दन पर किसी धारदार हथियार से वार किए जाने का निशान मिला है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी सदाकत अली के रूप में हुई है।
वह पिछले चार महीने से अनंगपुर गांव में किराये के कमरे में रह रहा था और ओमैक्स सोसाइटी में पेंटर का काम करता था। पुलिस ने बताया कि मध्यप्रदेश के रीवा की रहने वाली अनीता भी उसी मकान में किरायेदार थी और ओमैक्स सोसाइटी में सफाईकर्मी के रूप में कार्यरत थी। पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच परिचय हुआ और बाद में उनके बीच प्रेम संबंध बन गए।
हालांकि, मकान मालिक को इसकी जानकारी मिलने पर अनीता को मकान खाली करने के लिए कहा गया। मृतक के भाई नजाकत अली द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, करीब 15 दिन पहले अनीता अनंगपुर गांव के डोमका मोहल्ला में किराये के दूसरे कमरे में रहने लगी थी और सदाकत अक्सर उससे मिलने वहां जाया करता था। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 23 जुलाई को सदाकत यह कहकर घर से निकला था कि वह अलीगढ़ जा रहा है, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा।
उसका मोबाइल फोन भी बंद हो गया। नजाकत ने जब अनीता से संपर्क किया तो उसने कथित तौर पर सदाकत के उसके पास आने से इनकार कर दिया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि अनीता ने किसी अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर सदाकत को अपने किराये के कमरे में बुलाया और चार-पांच दिन पहले उसकी हत्या कर दी।
इसके बाद कमरे को बाहर से बंद कर दोनों फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार को कमरे से सदाकत का क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया। शिकायत के आधार पर सूरजकुंड थाना पुलिस ने अनीता के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
सूरजकुंड थाना प्रभारी प्रह्लाद सिंह ने कहा, ‘‘संदिग्ध अनीता के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद घटना के सभी तथ्य सामने आएंगे।







