आंध्र प्रदेश के राज्य निर्वाचन आयुक्त अनिल चंद्र पुनेठा ने बुधवार को कहा कि सात जिलों की 19 नगरपालिकाओं को छोड़कर अन्य सभी अधिसूचित नगरपालिकाओं और नगर निगमों में स्थानीय निकाय चुनाव निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होंगे। ये 19 नगरपालिकाएं वाईएसआर कडप्पा, अन्नमय्या, तिरुपति, अनंतपुरम, प्रकाशम, पलनाडु और मार्कापुरम जिलों में स्थित हैं। पुनेठा ने उच्चतम न्यायालय (एससी) के आदेशों का हवाला देते हुए एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, “सात जिलों की 19 नगरपालिकाओं को छोड़कर अन्य सभी (अधिसूचित) नगरपालिकाओं और नगर निगमों में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चुनाव होंगे।”
राज्य निर्वाचन आयोग ने बुधवार को इन जिलों के जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों (एसपी) के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक की और उन्हें शीर्ष अदालत के आदेशों का पालन करने का निर्देश दिया।
हालांकि, पुनेठा ने कहा कि आयोग को उच्चतम न्यायालय के आदेश की प्रति अभी प्राप्त नहीं हुई है।
