Indore Double Murder: इंदौर में 25 लाख रुपये के लालच में रिश्तों के कत्ल की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक बेटे पर अपने ही पिता और सगी बहन की हत्या की साजिश रचने का आरोप है। दरअसल, पिता ने मकान बेचकर मिले 50 लाख रुपये में से 25 लाख रुपये बेटी को दे दिए थे। साथ ही पत्नी के जेवर भी बेटी को उसकी शादी के लिए दे दिए थे। इसी बात से नाराज बेटा पिता पर 25 लाख रुपये देने का दबाव बना रहा था।
जब पिता ने रकम देने से इनकार किया तो बेटे ने अपने नाबालिग साथी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रच डाली। पहले पिता की हत्या कर शव बोरे में बंद कर सुनसान इलाके में फेंक दिया। इसके अगले दिन 22 वर्षीय बहन की दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने नाबालिग साथी को हिरासत में लिया है, जबकि मुख्य आरोपी बेटा हर्ष फरार है।
जानिए हादसे के पीछे की खौफनाक कहानी
जानकारी के अनुसार, पूरा मामला इंदौर के एरोड्रम और हातोद थाना क्षेत्र का है। 22 वर्षीय हर्षिता यादव अपने पिता राजू यादव के साथ पिछले करीब एक साल से कालानी नगर स्थित किराए के फ्लैट में रह रही थी। वहीं उसका भाई हर्ष उनसे अलग रहता था। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि परिवार में संपत्ति और पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। कुछ समय पहले राजू यादव ने मल्हारगंज थाना क्षेत्र में अपना एक मकान बेचा था। इस सौदे से उन्हें करीब 50 लाख रुपये मिले थे। बताया जा रहा है कि राजू यादव ने यह रकम बैंक खाते में जमा कर दी थी और इसमें से 25 लाख रुपये अपनी बेटी हर्षिता को दे दिए थे। इतना ही नहीं, पत्नी के जेवर भी बेटी को उसकी शादी के लिए दे दिए थे। इसी बात से बेटा हर्ष नाराज था। वह पिता से 25 लाख रुपये की मांग कर रहा था और चेक पर हस्ताक्षर करवाकर रकम लेना चाहता था। लेकिन पिता इसके लिए तैयार नहीं थे। इसी विवाद के चलते आरोपी ने अपने नाबालिग साथी के साथ मिलकर पिता और बहन की हत्या की साजिश रची।
पिता को दी खौफनाक मौत
पुलिस के मुताबिक, 18 नवंबर को हर्ष ने अपने नाबालिग साथी के साथ मिलकर पहले पिता राजू यादव की हत्या की। इसके बाद उनका एक हाथ काट दिया और शव को बोरे में बंद कर हातोद थाना क्षेत्र के जम्बुड़ी हप्सी में सुनसान इलाके में फेंक दिया। इसके अगले दिन 19 नवंबर को आरोपी कालानी नगर स्थित फ्लैट पहुंचा, जहां उसकी बहन हर्षिता मौजूद थी। यहां दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई।
फ्लैट में ही मिला बहन का शव
बताया जा रहा है कि हर्षिता का शव करीब 24 घंटे पुराना था। शुक्रवार शाम करीब 7 बजे फ्लैट का दरवाजा बंद होने पर रहवासियों को शक हुआ। उन्होंने मकान मालिक अरविंद कोठारी को इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। फ्लैट की तलाशी लेने पर बेडरूम में हर्षिता का शव मिला। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की तो पिता राजू यादव के लापता होने की जानकारी सामने आई। इसी दौरान रात करीब 11:30 बजे हातोद थाना क्षेत्र के जम्बुड़ी हप्सी में बोरे में बंद एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान कराई तो वह हर्षिता के पिता राजू यादव का निकला। उनका एक हाथ भी कटा हुआ था।
36 घंटे बाद मिला पिता का शव
पुलिस के मुताबिक, पिता का शव करीब 36 घंटे पुराना था। दोनों घटनास्थलों के बीच संबंध सामने आने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच में बेटे हर्ष और उसके नाबालिग साथी की भूमिका सामने आई। पुलिस ने नाबालिग साथी को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। वहीं मुख्य आरोपी हर्ष फरार है। उसकी तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें जुटी हैं। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम, हत्या की साजिश, वारदात में शामिल अन्य लोगों और पिता का हाथ काटने के पीछे की वजह की जांच कर रही है।
पैसों के लालच में उजाड़ गया परिवार: ADCP
राजेश दंडोतिया, ADCP ने बताया कि, 25 लाख रुपये के लालच में एक परिवार पूरी तरह उजड़ गया। जिस पिता ने बेटी की शादी के लिए रकम और जेवर दिए, उसी परिवार में बेटे पर पिता और बहन की हत्या की साजिश रचने का आरोप है। पहले पिता का शव बोरे में बंद मिला और फिर घर के अंदर बेटी की लाश मिली। संपत्ति और पैसों के विवाद ने रिश्तों को इस कदर तार-तार किया कि एक ही परिवार के दो लोगों की जान चली गई। फिलहाल नाबालिग साथी पुलिस की हिरासत में है और मुख्य आरोपी बेटे की तलाश जारी है। इंदौर की इस सनसनीखेज वारदात ने रिश्तों और इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है।
