Govt Job Without Interview for Divyangjan: प्रदेश की मोहन यादव सरकार ने दिव्यांगों के लिए सौगातों का पिटारा खोल दिया है। सरकार ने दिव्यांगों के सरकारी नौकरी में इंटरव्यू के नियम को खत्म कर दिया है। यानी अब दिव्यांगों को बिना इंटरव्यू दिए ही मेरिट के आधार पर नौकरी मिल सकेगी। इतना ही नहीं अस्पताल में इनके लिए पार्किंग पूरी तरह फ्री रहेगी और यात्रा के दौरान बसों में किराए में 50 प्रतिशत की छूट मिलेगी। सरकार की ओर से जारी निर्देश में ये भी कहा गया है कि दिव्यांगों के साथ किसी भी प्रकार की अभद्रता या नियमों का उल्लंघन किया गया तो कड़ी कार्रवाई होगी।
दिव्यांगों को बिना इंटरव्यू मिलेगी नौकरी
दूसरी ओर केंद्र की मोदी सरकार ने दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016 के तहत दिव्यांगता की आठ श्रेणियों के आकलन के लिए संशोधित दिशानिर्देश जारी किए हैं। ये दिशानिर्देश मार्च, 2024 में जारी मानकों की जगह लेंगे। इसमें बौनेपन को भी दिव्यांगता माना जाएगा और बौनेपन की परिभाषा में 147 सेंटीमीटर (4 फीट 8 इंच) से कम लंबाई के वयस्कों को शामिल किया गया है।
अब बौनापन भी दिव्यांगता
दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग ने 18 नवंबर को ये दिशानिर्देश जारी किए। इनमें चलने-फिरने संबंधी दिव्यांगता, दृष्टिबाधा, श्रवणबाधा और वाणी एवं भाषा संबंधी दिव्यांगता, सीखने की क्षमता संबंधी दिव्यांगता, बौद्धिक दिव्यांगता एवं ऑटिज्म स्पेक्ट्रम विकार, मानसिक बीमारी, रक्त विकार, बहु-दिव्यांगता एवं दीर्घकालिक तंत्रिका संबंधी विकार शामिल हैं।
- बौनेपन के आकलन के मानक
चार फीट आठ इंच से छोटा व्यक्ति बौना
बौनेपन को ऐसे वयस्क व्यक्ति की स्थिति के रूप में परिभाषित किया है, जिसकी लंबाई 147 सेंटीमीटर (चार फीट आठ इंच) से कम हो। निर्धारित ऊंचाई में प्रत्येक एक इंच की कमी पर चार प्रतिशत स्थायी शारीरिक दिव्यांगता मानी जाएगी। इससे जुड़ी हड्डियों की विकृतियों का आकलन अलग से किया जाएगा। - दृष्टि और श्रवण दिव्यांगता का आकलन
देखने- सुनने संबंधी दिव्यांगता
दृष्टिबाधित में पूर्ण दृष्टिहीनता, सर्वोत्तम संभव उपचार या सुधार के बाद बेहतर दृष्टि क्षमता 3/60 से कम होना या देखने का क्षेत्र 10 डिग्री से कम होना शामिल है। श्रवण बाधित का आकलन ‘प्योर टोन ऑडियोमेट्री’ जांच से होगा।। इसमें 500, 1,000, 2,000 और 4,000 हर्ट्ज आवृत्तियों पर सुनने की क्षमता मापी जाएगी। - वाणी और भाषा दिव्यांगता के मानक
वाणी और भाषा संबंधी समस्या
वाणी और भाषा संबंधी दिव्यांगता के आकलन में स्वरयंत्र को ऑपरेशन से हटाने, जीभ का कोई हिस्सा या पूरी जीभ हटाने, दोनों स्वर तंतुओं में लकवा, बोलने में मांसपेशियों के नियंत्रण की समस्या और बोलने के लिए आवश्यक गतिविधियों के समन्वय में कठिनाई जैसी स्थितियों को शामिल किया गया है। - बौद्धिक दिव्यांगता का आकलन
व्यवहार से बौद्धिक दिव्यांगता का आकलन
बौद्धिक दिव्यांगता का आकलन व्यक्ति की बौद्धिक क्षमता और व्यवहार से होगा। प्रमाणपत्र जारी करने की न्यूनतम आयु एक वर्ष रहेगी। एक वर्ष से अधिक और पांच वर्ष तक के बच्चों में वैश्विक विकासात्मक विलंब का निदान किया जाएगा। पांच वर्ष से अधिक आयु के बच्चों का बौद्धिक दिव्यांगता के लिए आकलन होगा। - विशिष्ट अधिगम दिव्यांगता के मानक
पढ़ने-लिखने में दिक्कत भी दिव्यांगता
विशिष्ट अधिगम दिव्यांगता में पढ़ने, लिखित रूप में अपनी बात व्यक्त करने और गणित संबंधी कठिनाइयों को शामिल किया गया है। ऐसी समस्याएं लक्षित और वैज्ञानिक प्रमाणों पर आधारित सहायता दिए जाने के बावजूद कम से कम छह महीने तक बनी रहनी चाहिए। इसके लिए आईक्यू स्कोर 85 से कम होना चाहिए।
