Vaikom Mahadeva Temple में पूजा समय की अनदेखी पर Kerala High Court ने जताई चिंता

By
—
On:
Follow Us


केरलम उच्च न्यायालय ने कोट्टायम जिले के वैकोम महादेव मंदिर में विभिन्न पुजारियों द्वारा पूजा के निर्धारित समय का कथित तौर पर पालन नहीं किए जाने पर चिंता जताई और त्रावणकोर देवस्वओम बोर्ड (टीडीबी) को इस मामले पर ध्यान देने का निर्देश दिया। न्यायमूर्ति देवन रामचंद्रन और न्यायमूर्ति जॉनसन जॉन की पीठ ने कहा कि त्रावणकोर देवस्वओम बोर्ड के पहले दिए गए आश्वासन के बावजूद मंदिर के कई पुजारी पूजा के निर्धारित समय का पालन नहीं कर रहे। पीठ ने अधिवक्ता आयुक्त की रिपोर्ट का अवलोकन करने के बाद यह टिप्पणी की।

रिपोर्ट में कहा गया है कि पुजारी ‘‘अपनी मनमर्जी के मुताबिक’’ पूजा कर रहे हैं, जिसके कारण कई शिकायतें मिली हैं। पीठ ने कहा, ‘‘देवस्वओम बोर्ड को इस रिपोर्ट पर निश्चित रूप से तत्काल ध्यान देने की जरूरत है।’’
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि मंदिर में लेखाकार का पद नवंबर 2022 से खाली है जिसके कारण किसी अन्य को इसका प्रभार सौंपना पड़ा। इसके बाद धन के गबन के आरोप सामने आए हैं, जिनमें विशेष रूप से 34 लाख रुपये के गबन का आरोप शामिल है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि ‘कझकम’ विभाग में एक पद आठ साल से अधिक समय से खाली है और इससे संबंधित कार्य ‘नालंबलम’ (मंदिर के आंतरिक परिसर) में पुजारी कर रहे हैं। अधिवक्ता आयुक्त ने यह भी दावा किया कि मान्यता प्राप्त पुजारियों के बजाय कई ऐसे पुजारी धार्मिक अनुष्ठान कर रहे हैं, जिन्हें बोर्ड ने न तो अधिकृत किया है और न ही मान्यता दी है। उन्होंने सभी रिक्त पदों को नियमानुसार भरने का निर्देश देने का अनुरोध किया।

बोर्ड ने पीठ को आश्वासन दिया कि रिपोर्ट में उठाए गए मुद्दों पर गौर किया जाएगा और मामले को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया गया। अदालत ने मंदिर की स्थिति को लेकर स्वत: संज्ञान लेते हुए शुरू की गई कार्यवाही के दौरान ये टिप्पणियां कीं और निर्देश दिया। यह मंदिर भगवान शिव को समर्पित है और एक प्रसिद्ध तीर्थस्थल है।



Source link

For Feedback - vindhyaajtak@gmail.com 

विज्ञापन

WhatsApp Image 2026-08-14 at 10.20.28 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 10.20.27 PM

Leave a Comment

Breaking News