ग्वालियर, 22 नवंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के ग्वालियर स्थित गांधी प्राणी उद्यान में नर और मादा हिमालयन भालू के बीच पिछले दिनों हुए संघर्ष में गंभीर रूप से घायल मादा भालू की रविवार सुबह मौत हो गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि भालू के इस जोड़े को वर्ष 2019 में त्रिपुरा के सेपाहिजाला प्राणी उद्यान से ग्वालियर लाया गया था।
अधिकारी ने बताया कि मृत मादा भालू की उम्र 16 वर्ष थी।
दोनों भालू को चिड़ियाघर के एक ही बाड़े में रखा गया था।
नगर निगम के उपायुक्त प्रदीप श्रीवास्तव ने संवाददाताओं को बताया कि 21 नवंबर की रात दोनों भालुओं के बीच संघर्ष हो गया, जिसमें नर भालू ने मादा भालू को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
उन्होंने बताया कि मादा भालू के जबड़े, पंजे और पैरों समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गहरी चोटें आई थीं।
अधिकारी ने बताया कि अत्यधिक चोट और रक्तस्राव के कारण रविवार सुबह उसकी मौत हो गई।
श्रीवास्तव ने बताया कि नियमानुसार, ग्वालियर के पशु चिकित्सा विशेषज्ञों की टीम ने मादा भालू के शव का पोस्टमार्टम किया, इसके बाद उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
भाषा सं ब्रजेन्द्र जितेंद्र
जितेंद्र
