संपत्ति में बहन को हिस्सा देने और पिता को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने से नाराज एक बेटे ने रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात को अंजाम दिया। उसने अपने 80 वर्षीय पिता को पहले रस्सी से बांधा, फिर पॉलीथिन और बिस्तर में लपेटकर पेट्रोल छिड़का और आग लगा दी। इस हृदयविदारक घटना में बुजुर्ग की मौत हो गई। वारदात के बाद फरार हुए आरोपी बेटे को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। मामला बालाघाट जिले के लांजी थाना क्षेत्र के सोगालपुर गांव का है।
पुलिस के अनुसार, 14 नवंबर को सोगालपुर गांव में एक घर के कोने में 80 वर्षीय डुडेश्वर पिता टीकाराम खोब्रागढ़े का अधजला शव मिला था। अगले दिन सुबह उनकी पोती रोज की तरह दादा को नाश्ता देने पहुंची। वहां दादा का शव देखकर वह स्तब्ध रह गई। उसने तत्काल परिवार के अन्य सदस्यों को इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना से एक दिन पहले यानी 13 नवंबर की रात डुडेश्वर का अपने बेटे अनिल के साथ संपत्ति और सरकारी योजनाओं के लाभ को लेकर विवाद हुआ था। आरोपी इस बात से नाराज था कि पिता अपनी बेटी को संपत्ति में हिस्सा देना चाहते थे। इसके अलावा पिता को पेंशन सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा था, जिसे लेकर भी वह आपत्ति जताता था।
पुलिस जांच में सामने आया कि इसी नाराजगी में अनिल ने अपने पिता को रस्सी से बांध दिया। इसके बाद उन्हें पॉलीथिन और बिस्तर में लपेटकर पेट्रोल डाला और आग लगा दी। वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विभिन्न पहलुओं से जांच की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस ने हत्या की कड़ियां जोड़ते हुए आरोपी बेटे की पहचान की। इसके बाद फरार अनिल को रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
इन्हें भी पढ़ें:
- सपाई पहले ‘जय श्रीराम’ से घबराते थे, अब ‘राधे-राधे’ सुनकर भी बेचैन : केशव प्रसाद मौर्य
- PF खाताधारकों की बल्ले-बल्ले! 90% निकासी का रास्ता साफ, 3 दिन में मिलेगा पैसा! जानें ये नए नियम
- लखनऊ में नील के खेतों के जरिए क्लाउड मार्टिन की विरासत के रूबरू हुए फ्रांसीसी छात्र
- अस्पताल के ICU रुम में नाबालिग लड़की के साथ वार्ड बॉय ने की गंदी हरकत, CCTV फुटेज वायरल
- मारुति ने ग्राहकों को फिर दिया बड़ा झटका! चुपके से बढ़ाए कारों के दाम, अब देने होंगे इतने रुपये एक्स्ट्रा!
