Kerala: F Tune त्वचा क्रीम से किशोरी की किडनी डैमेज, उत्पादक पर एफआईआर दर्ज

By
—
On:
Follow Us


केरलम पुलिस ने सोमवार को बताया कि पारा (मरकरी) की कथित तौर पर अत्यधिक मात्रा वाली त्वचा क्रीम बनाने वाले उत्पादक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। इस क्रीम का इस्तेमाल करने के बाद 17 वर्षीय एक लड़की को गुर्दे खराब होने समेत गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हुईं। अरीकोड पुलिस ने रविवार रात यहां उग्रापुरम की रहने वाली लड़की की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया।

प्राथमिकी के अनुसार, लड़की ने इंस्टाग्राम पर एक विज्ञापन देखने के बाद ‘एफ ट्यून’ नाम से बेची जा रही क्रीम खरीदी और उसका इस्तेमाल किया। क्रीम का कथित तौर पर यह दावा करते हुए प्रचार किया गया था कि इससे मुंहासे और चेहरे के दाग-धब्बे दूर हो सकते हैं तथा त्वचा में चमक आ सकती है। प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि क्रीम में पारा की मात्रा अत्यधिक थी।

पारा मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक पदार्थ है। आरोप है कि उत्पादक को इसके संभावित खतरों की जानकारी थी लेकिन इसके बावजूद क्रीम में मिलावट की गई। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि क्रीम के इस्तेमाल से लड़की को गुर्दे की क्षति समेत गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हुईं और उसके इलाज पर करीब एक लाख रुपये खर्च हुए।

मामला भारतीय न्याय संहिता, औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम और केरल पुलिस अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि क्रीम के उत्पादक को आरोपी बनाया गया है। मामले की आगे जांच की जा रही है।

शिकायतकर्ता लड़की के अलावा, गायक सलीम कोडाथूर ने भी दावा किया कि त्वचा का रंग निखारने वाली क्रीम के इस्तेमाल के बाद उन्हें गुर्दे की बीमारी ‘मेम्ब्रेनस नेफ्रोपैथी’ हो गई थी। कोडाथूर ने दावा किया कि उन्हें करीब 10 साल पहले यह बीमारी हुई थी और कई महीनों तक इलाज कराना पड़ा था। वहीं, लड़की ने हाल ही में अपनी बीमारी के बारे में बताया।

उसके डॉक्टरों का कहना है कि क्रीम के इस्तेमाल के कारण उसके शरीर में पारे का स्तर काफी बढ़ गया था। क्रीम में इस रसायन की खतरनाक मात्रा मौजूद थी। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन ने रविवार को नकली सौंदर्य प्रसाधनों और प्रोटीन पाउडर की जांच समेत राज्यव्यापी कार्रवाई के आदेश दिए।

मंत्री ने एक बयान में कहा कि ऐसे बिना मंजूरी वाले सौंदर्य और स्वास्थ्य संबंधी उत्पाद पाकिस्तान तथा मंगलुरु-कासरगोड क्षेत्र से आ रहे हैं।



Source link

For Feedback - vindhyaajtak@gmail.com 

विज्ञापन

WhatsApp Image 2026-08-14 at 10.20.28 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 10.20.27 PM

Leave a Comment

Breaking News