इंदौर, 23 नवंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में सांभर के शिकार में शामिल संगठित गिरोह के दो फरार सदस्यों को वन विभाग की स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स (एसटीएसएफ) ने गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से शिकार में इस्तेमाल कार जब्त की है। एसटीएसएफ की इंदौर इकाई के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी के अनुसार आठ मई को खंडवा जिले के पुनासा स्थित नर्मदानगर संरक्षित वन क्षेत्र में सांभर के अवशेष के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था और गिरोह के अन्य सदस्य चार पहिया वाहन से फरार हो गए थे।
उन्होंने बताया कि सांभर के शिकार में शामिल होने के आरोप में इंदौर के दो निवासियों-मुस्तफा नदीम और खुजेमा को गिरफ्तार किया गया है।
अधिकारी ने बताया कि नदीम की निशानदेही पर शिकार में इस्तेमाल कार जब्त की गई है।
उन्होंने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों और उनकी गतिविधियों के संबंध में दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
अधिकारी ने बताया,‘‘जांच के दौरान एसटीएसएफ ने स्थानीय वन अमले के साथ मिलकर गिरोह के एक अन्य सदस्य को खंडवा से गिरफ्तार किया था और उससे शिकार में इस्तेमाल एक राइफल जब्त की थी। इस तरह, अब तक मामले में कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।’’
भाषा हर्ष धीरज
धीरज
