(कोमल पंचमटिया)
भोपाल, 24 नवंबर (भाषा) दिग्गज अभिनेता रघुबीर यादव का कहना है कि वह किसी भी किरदार में अपने अभिनय से कभी पूरी तरह संतुष्ट नहीं होते, क्योंकि उन्हें लगता है कि फिल्म उद्योग में दशकों तक काम करने के बाद भी सुधार की हमेशा गुंजाइश रहती है।
‘मैसी साहब’, ‘सलाम बॉम्बे!’, ‘लगान’, ‘पीपली लाइव’, ‘न्यूटन’, ‘मुंगेरीलाल के हसीन सपने’, ‘द रेलवे मेन’, ‘पंचायत’ और ‘हुंकार : द रोअर’ जैसी फिल्मों और धारावाहिकों में अपने अभिनय के लिए सराहना हासिल कर चुके यादव लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ के पांचवें सीजन में एक बार फिर प्रधान जी के किरदार में नजर आएंगे।
यादव ने मध्य प्रदेश में सीरीज के सेट पर ‘‘पीटीआई-भाषा’’ के साथ बातचीत में कहा, ”कभी पूरी संतुष्टि नहीं होती। आज तक मैं अपने किसी किरदार को 100 प्रतिशत नहीं दे पाया हूं। मुझे हमेशा लगता है कि कहीं न कहीं कोई कमी रह गई है।”
तीन दिसंबर को प्राइम वीडियो पर प्रसारित होने जा रहे ‘पंचायत’ के पांचवें सीजन की शूटिंग के शुरुआती दिनों को याद करते हुए उन्होंने बताया कि प्रधान जी के किरदार की लय पकड़ने में उन्हें कुछ दिन लगे।
उन्होंने कहा, ”पहले एक-दो दिन थोड़ी बेचैनी रहती है। सेट पर तैयारी के साथ पहुंचने के बावजूद मन में यही रहता है कि किरदार को सही तरीके से निभा पाऊंगा या नहीं। किसी किरदार की आत्मा को पकड़ना एकदम से संभव नहीं होता। यदि शुरुआत सही नहीं हुई तो भूमिका को समझने और उसमें ढलने में और समय लगता है।”
यादव ने कहा कि उन्हें अभिनय के दौरान होने वाली यह घबराहट पसंद है और वह चाहते हैं कि यह हमेशा बनी रहे, क्योंकि इससे उन्हें मेहनत करने की प्रेरणा मिलती है।
इस सीजन में प्रधान जी की भूमिका के बारे में उन्होंने कहा कि ‘पंचायत’ की दुनिया से परिचित होने के बावजूद किरदार को दोबारा आत्मसात करने में कुछ दिन लगे।
उन्होंने कहा, ”पहले तीन-चार दिन काफी संघर्ष करना पड़ा। किरदार कहीं न कहीं आपके दिमाग में बना रहता है और तब तक आपको परेशान करता है, जब तक आप उसे सही तरीके से समझकर पर्दे पर जीवंत नहीं कर देते।”
अभिनेता ने बताया कि उनकी आदत है कि वह पटकथा को बार-बार पढ़ते हैं। इससे धीरे-धीरे उन्हें किरदार की समझ विकसित होती है। इसके बाद उसके हाव-भाव और तौर-तरीकों को आत्मसात करने और अभ्यास करने से किरदार जीवंत हो उठता है।
उन्होंने कहा, ”एक बार किरदार की पकड़ बन जाए तो उसे निभाना आसान हो जाता है।”
सीरीज के नए सीजन का ट्रेलर सोमवार को जारी किया गया। इसमें यादव के किरदार प्रधान जी को उस समय असमंजस में दिखाया गया है, जब उनकी पत्नी मंजू देवी (नीना गुप्ता) गांव के नए प्रधान पद का चुनाव हार जाती हैं।
यादव ने कहा कि वह अक्सर आम आदमी के किरदारों की ओर आकर्षित होते हैं।
उन्होंने कहा, ”मैंने खुद ऐसी जिंदगी जी है और अपने आसपास इसे करीब से देखा है। जब भी कोई घटना होती है तो उसका असर आम आदमी पर पड़ता है। हमारे आसपास इतने सारे आम लोग हैं कि उन्हें समझने और उनके किरदार निभाने के लिए एक जिंदगी भी कम पड़ जाए। आखिर एक इंसान अपनी जिंदगी में कितने किरदार निभा सकता है?”
दीपक कुमार मिश्रा के निर्देशन में बनी ‘पंचायत’ के पांचवें सीजन में नीना गुप्ता, जितेंद्र कुमार, सुनीता राजवर, फैसल मलिक और अशोक पाठक सहित अन्य कलाकार भी नजर आएंगे। यह सीजन भी काल्पनिक गांव फुलेरा के निवासियों की जिंदगी और उनके अनुभवों को सामने लाएगा।
भाषा मनीषा नरेश
नरेश
