सागर: मध्य प्रदेश के सागर में शराब दुकानों पर इन दिनों एक अनोखा नजारा देखने को मिल रहा है। यहां शराब खरीदने पहुंच रहे लोगों को पहले डॉक्टर की जांच से गुजरना पड़ रहा है (Sagar Liquor Purchasing Health Check-up News)। शराब की दुकान के बाहर डॉक्टर की टेबल-कुर्सी लगाई गई है। जहां पहले स्वास्थ्य परीक्षण हो रहा है, उसके बाद शराब की खरीदारी। दरअसल, अवैध शराब से हुई तीन मौतों के बाद प्रशासन ने यह नई पहल शुरू की है,हालांकि, प्रशासन की इस कवायद पर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं,कांग्रेस ने शराबबंदी की मांग की है, तो बीजेपी ने इसे स्वास्थ्य के लिहाज से जरूरी कदम बताया है।
शराब दुकानों के बाहर डॉक्टर कर रहे स्वास्थ्य परीक्षण
दरअसल, शराब की दुकान,बाहर लगी डॉक्टर की टेबल-कुर्सी और शराब खरीदने पहुंचे लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण, सागर में इन दिनों कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिल रहा है। बंडा और देवरी क्षेत्र में अवैध शराब से तीन लोगों की मौत के बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर है। कलेक्टर दिलीप कुमार यादव के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग और आबकारी विभाग की संयुक्त टीमें शराब दुकानों पर पहुंचकर शराब पीने के आदी लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण और काउंसलिंग कर रही हैं। सागर शहर, बंडा, केसली, देवरी, रहली, बीना और खुरई समेत जिले की 10 से ज्यादा शराब दुकानों पर डॉक्टरों की टीमें पहुंच चुकी हैं। अब तक 150 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा चुका है।
लेकिन प्रशासन की इस पहल ने अब सियासी बहस भी छेड़ दी है। कांग्रेस ने शराब दुकानों पर स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए इसे अजब-गजब प्रयोग बताया है। पूर्व मंत्री पीसी शर्मा का कहना है कि सरकार को शराब पीने से पहले जांच कराने के बजाय शराबबंदी की दिशा में कदम उठाने चाहिए। कांग्रेस ने गुजरात और बिहार की तर्ज पर मध्य प्रदेश में भी शराबबंदी की मांग की है। कांग्रेस के आरोपों पर बीजेपी ने भी पलटवार किया है।
भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस पर साधा निशाना
बीजेपी प्रवक्ता अजय धवले का कहना है कि अगर शराब पीने से लोगों का स्वास्थ्य बिगड़ रहा है, तो स्वास्थ्य परीक्षण में कोई बुराई नहीं है। उन्होंने कांग्रेस पर अवैध शराब के मामलों में अपने नेताओं की भूमिका होने का आरोप भी लगाया है। बीजेपी का दावा है कि प्रदेश सरकार अवैध शराब के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई कर रही है।
फिलहाल सागर में शराब दुकानों पर डॉक्टरों की मौजूदगी चर्चा का विषय बनी हुई है। प्रशासन इसे लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और शराब के दुष्परिणामों से बचाने की पहल बता रहा है। वहीं कांग्रेस इस व्यवस्था पर सवाल उठाकर सीधे शराबबंदी की मांग कर रही है। ऐसे में सवाल यही है कि क्या शराब दुकानों पर स्वास्थ्य परीक्षण से शराब के दुष्परिणामों पर लगाम लगेगी, या फिर प्रदेश में शराब नीति को लेकर एक नई बहस शुरू होगी।
इन्हें भी पढ़ें:-
