वीडियो वायरल होते ही मुश्किल में घिरे एक्टर खादीवाला
पुलिस पर रिश्वत मांगने और बदसलूकी के आरोप लगाने वाले एक्टर कपिल खादीवाला अब खुद पुलिस की जांच के दायरे में हैं। कनाड़िया बायपास स्थित कैफे एंड रिसोर्ट में वेब सीरीज की शूटिंग के दौरान हुए विवाद का वीडियो वायरल करने के बाद पुलिस ने उन्हें दो नोटिस जारी किए हैं। वीडियो में उन्होंने पुलिस के खिलाफ आरोप लगाते हुए शेम ऑन पुलिस लिखा था। अब यह वीडियो उनके सोशल मीडिया अकाउंट से हटा दिया गया है।
पुलिस पर लगाए थे ये आरोप
पूछताछ में कपिल ने बताया कि घटना के वक्त वे मौके पर मौजूद नहीं थे। उनके प्रोडक्शन मैनेजर विकास त्रिपाठी ने उन्हें पुलिस पर रिश्वत मांगने और बदसलूकी करने की बात बताई थी। जब पुलिस ने आरोपों से जुड़े सबूत या रिकॉर्डिंग के बारे में पूछा, तो कपिल ने ऐसी किसी रिकॉर्डिंग से इनकार किया। पुलिस ने मैनेजर विकास त्रिपाठी को भी बयान के लिए नोटिस दिया था, लेकिन वे थाने नहीं पहुंचे। अब क्राइम ब्रांच ने कपिल और उनके मैनेजर को बयान दर्ज कराने के लिए नोटिस जारी किया है।
डीसीपी ने सख्त करवाई की बात कही
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने झूठे वीडियो बनाकर वायरल करने के मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की बात कही है। दरअसल, 14 नवंबर को शूटिंग की अनुमति रात 11 बजे तक थी, लेकिन पुलिस के मुताबिक रात 11:30 बजे के बाद भी तेज म्यूजिक और शोर की शिकायत मिली। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और यूनिट को शूटिंग बंद कर वहां से जाने की हिदायत दी। अब क्राइम ब्रांच की पूछताछ में आरोपों और पूरे घटनाक्रम को लेकर एक्टर का पक्ष भी दर्ज किया जाएगा।
