बैतूल: रिटायर्ड कोल माइंस कर्मचारियों को रकम दोगुनी करने और ज्यादा ब्याज देने का लालच देकर 1 करोड़ 13 लाख 50 हजार रुपए की ठगी करने वाले आरोपी को विशेष न्यायालय ने 120 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है (Betul Crime News)। आरोपी को 20 अलग-अलग मामलों में दोषी ठहराते हुए यह सजा दी गई है। कोर्ट ने सभी सजाएं एक के बाद एक भुगतने के आदेश दिए हैं। इसके अलावा करीब 1.13 करोड़ रुपए का अर्थदंड भी लगाया है। यह राशि पीड़ित कर्मचारियों को प्रतिकर के रूप में दी जाएगी।
आरोपी ने खुद को बताया था बैंक का फील्ड ऑफिसर
शासन की ओर से पैरवी कर रहे विशेष लोक अभियोजक शशिकांत नागले के मुताबिक, आरोपी चंद्रकिशोर देशमुख निवासी मठारदेव कॉलोनी, सारनी ने खुद को बैंक का फील्ड ऑफिसर बताकर रिटायर्ड कर्मचारियों को अपने जाल में फंसाया था। उसने ज्यादा ब्याज और रकम दोगुनी करने का भरोसा देकर उनसे लाखों रुपए जमा कराए, लेकिन बाद में पैसे लौटाने से इनकार कर दिया।
2018 में हुई थी मामले की शुरुआत
मामले की शुरुआत 19 अप्रैल 2018 को हुई थी। रिटायर्ड कर्मचारी नवतराम ने सारनी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि वर्ष 2016 में रिटायरमेंट के बाद उन्हें WCL से करीब 23 लाख रुपए मिले थे। आरोपी ने निवेश पर ज्यादा ब्याज देने का झांसा देकर उनसे 15 लाख रुपए ले लिए थे। जांच में सामने आया कि आरोपी ने अन्य कर्मचारियों से भी बड़ी रकम ली थी। इनमें आसाराम से 8 लाख, बछलाबाई से 6.50 लाख, मनोज से 8 लाख, कमता मुंजारे से 15 लाख, रामाधारी बाई से 7 लाख, अरविंद कुमार कुशवाहा से 7.63 लाख, किशोर से 20 लाख, रामशंकर से 20 लाख और मुकेश से 12.50 लाख रुपए शामिल हैं।
अदालत ने सुनाई कुल 120 साल की सजा
पुलिस ने बैंक की जमा पर्चियां, चेक, बैंक स्टेटमेंट और अन्य दस्तावेज जुटाए। हस्तलेखन विशेषज्ञ ने भी दस्तावेजों पर किए गए हस्ताक्षरों का आरोपी के नमूना हस्ताक्षरों से मिलान किया था। विशेष न्यायाधीश (एससी-एसटी एक्ट) की अदालत ने IPC की धारा 420 के 10 मामलों में 5-5 साल और धारा 409 के 10 मामलों में 7-7 साल की सजा सुनाई। सभी सजाएं लगातार चलने के कारण कुल सजा 120 साल हुई है। अदालत ने अर्थदंड की राशि पीड़ितों को उनकी ठगी गई रकम के अनुपात में देने के निर्देश भी दिए हैं।
इन्हें भी पढ़ें:-
