अकाली दल (वारिस पंजाब दे) के नेता मनप्रीत सिंह अयाली ने मंगलवार को राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उसने निर्वाचन आयोग के एक पत्र का जवाब नहीं दिया, जिसमें पार्टी के पंजीकरण पर किसी तरह की आपत्ति होने के बारे में पूछा गया था। यहां पंजाब विधानसभा सत्र के अंतिम दिन अकाली दल (वारिस पंजाब दे) के पंजीकरण का मुद्दा उठाते हुए अयाली ने कहा कि निर्वाचन आयोग ने 14 जुलाई और 13 अक्टूबर को राज्य के निर्वाचन कार्यालय के माध्यम से पंजाब के गृह विभाग को दो पत्र भेजे थे। उन्होंने कहा कि इन पत्रों में पूछा गया था कि क्या उसे पार्टी के पंजीकरण पर कोई आपत्ति है।
उन्होंने दावा किया कि दो पत्र मिलने के बावजूद गृह विभाग ने अब तक कोई जवाब नहीं भेजा है। अयाली ने मांग की कि गृह विभाग निर्वाचन आयोग को जवाब भेजकर पार्टी के पक्ष में रिपोर्ट दे। उन्होंने कहा कि अकाली दल (वारिस पंजाब दे) का पंजाब में बड़ा आधार है और अधिक लोग इससे जुड़ रहे हैं।
अयाली ने इससे पहले भी निर्वाचन आयोग पर पार्टी के पंजीकरण में बेवजह देरी करने का आरोप लगाया था। अकाली दल (वारिस पंजाब दे) का नेतृत्व खडूर साहिब के सांसद अमृतपाल सिंह करते हैं। वह 2023 में अजनाला पुलिस थाने पर हुए हमले के मामले में फिलहाल असम की जेल में बंद हैं।
