
भोपालः मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां निशांतपुरा थाना प्रभारी रूपेश दुबे ने अपने घर में जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की है। परिजनों ने उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनका इलाज जारी है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही राजधानी के बड़े पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे हुए हैं। हालांकि अभी थाना प्रभारी के इस आत्मघाती कदम का कोई कारण पता नहीं चल पाया है।
इंद्रपुरी इलाके में भी महिला ने की खुदकुशी
राजधानी के ही इंद्रपुरी इलाके में एक महिला ने खुद को आग लगाकर खुदकुशी कर ली। वह 8 महीने के गर्भ से थी। सुसाइड से पहले आखिरी बार पिता से फोन पर बात की थी। कहा था कि पति और ससुरालवालों ने जीना मुहाल कर दिया। मृतिका अनुप्रिया सिंह मूल रूप से जबलपुर की रहने वाली थी डेढ़ साल पहले उसने दीपक से लव मैरिज की थी। पहले परिवार इस शादी के लिए राजी नहीं था, हालांकि बेटी की खुशी के लिए शादी कर दी। पुलिस मामलें की जांच कर रही है।











