Coal Sector News: एन. फ्रैंकलिन जयकुमार NCL के नए CMD पद के लिए अनुशंसित; जानिए

By
On:
Follow Us

Vindhya Aajtak । Coal Sector News: नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) के नए अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) पद के लिए साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के निदेशक (तकनीकी-ऑपरेशंस) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार को लोक उद्यम चयन बोर्ड (पीईएसबी) ने अनुशंसित किया है। यह अनुशंसा 8 जुलाई 2026 को हुई।

 

एन. फ्रैंकलिन जयकुमार को कोयला एवं लिग्नाइट खनन क्षेत्र में तीन दशक से अधिक का अनुभव है। उन्होंने फरवरी 2024 में एसईसीएल में निदेशक (तकनीकी-परियोजना एवं योजना) के रूप में कार्यभार ग्रहण किया था। इसके बाद 1 जनवरी 2025 से वे निदेशक (तकनीकी-ऑपरेशंस) के रूप में कार्यरत हैं।

एसईसीएल परिवार से लेकर अन्य तमाम लोगों ने इस उपलब्धि पर एन. फ्रैंकलिन जयकुमार को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल और भावी दायित्वों के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

एसईसीएल में आने से पहले वे एनएलसी इंडिया लिमिटेड में कार्यकारी निदेशक (कोल कोऑर्डिनेशन) एवं तलाबीरा-दो एवं तीन ओपनकास्ट परियोजना के परियोजना प्रमुख रहे। इससे पहले उन्होंने एनएलसी इंडिया में कई महत्वपूर्ण नेतृत्वकारी जिम्मेदारियां निभाईं। अपने करियर की शुरुआत में उन्होंने द सिंगरेनी कोलियरीज कंपनी लिमिटेड (एससीसीएल) में लगभग 18 वर्षों तक अत्यधिक यंत्रीकृत भूमिगत एवं खुली खदानों में सेवाएं दीं। इसके अलावा उन्होंने इंडोनेशिया में पांच मिलियन टन वार्षिक क्षमता वाली कोयला खदान का करीब पांच वर्षों तक नेतृत्व भी किया।

श्री जयकुमार ने कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, गिंडी (अन्ना विश्वविद्यालय, चेन्नई) से खनन अभियांत्रिकी में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है। उन्होंने केंद्रीय विश्वविद्यालय, हैदराबाद से पर्यावरण अभियांत्रिकी एवं प्रबंधन में स्नातकोत्तर डिप्लोमा तथा अलगप्पा विश्वविद्यालय, तमिलनाडु से मानव संसाधन प्रबंधन में एमबीए भी किया है। वे महानिदेशालय खान सुरक्षा द्वारा प्रदत्त प्रथम श्रेणी खान प्रबंधक दक्षता प्रमाणपत्र के धारक हैं तथा इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया) के फेलो भी हैं।

खनन संचालन के अलावा उन्होंने खान सुरक्षा, कौशल विकास और रणनीतिक नीतिगत पहलों में भी उल्लेखनीय योगदान दिया है। वे स्किल काउंसिल फॉर माइनिंग सेक्टर के बोर्ड सदस्य रह चुके हैं, तमिलनाडु माइन्स सेफ्टी एसोसिएशन में विभिन्न नेतृत्वकारी भूमिकाएं निभा चुके हैं तथा कोयला मंत्रालय की संकट प्रबंधन योजना के निर्माण में भी योगदान दे चुके हैं।

 

ये भी जानिए- Sultanpur में Yogi Adityanath का दावा: 2017 के बाद UP में कानून-व्यवस्था और विकास का नया दौर

For Feedback - vindhyaajtak@gmail.com 

Leave a Comment

Breaking News