Indore E Rickshaw Ban मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में ट्रैफिक जाम की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। शहर की प्रमुख सड़कों से लेकर व्यस्त चौराहों तक आए दिन वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलती हैं। जिससे आम लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बढ़ते ट्रैफिक जाम से नीजात पाने के लिए कलेक्टर शिवम वर्मा ने बड़ा फैसला लिया है। कलेक्टर ने शहर के प्रमुख रास्तों पर ई रिक्शा का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित लगा दिया है।
इन तीन रोड पर ई रिक्शा बैन
इस संबंध में कलेक्टर ने आदेश जारी किया है। जारी आदेश के अनुसार, पुराना एबी रोड, एमजी रोड और सुपर कॉरिडोर पर ई-रिक्शा की आवाजाही पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगी। प्रशासन के मुताबिक, इन मार्गों पर पहले से ही यातायात का दबाव अधिक रहता है। ई-रिक्शा की आवाजाही से जाम की स्थिति और गंभीर हो जाती है। जिसकी वजह से इस फैसले को तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।
बैठक के बाद लिया गया फैसला
दरअसल, प्रतिबंध लगाने से पहले यातायात पुलिस अधिकारियों, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारियों और ई-रिक्शा पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई। इस बैठक में शहर में लगने वाले जाम को लेकर चर्चा हुई और ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने की दिशा में निर्णय लिया गया। इसके बाद तीनों मार्गों पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया।
कलेक्टर ने केंद्रीय मोटरयान अधिनियम, 1988 की धारा 115 और मध्यप्रदेश मोटरयान नियम, 1994 के नियम 215 के तहत यह आदेश जारी किया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आवश्यकता के अनुसार प्रतिबंध में आंशिक या पूर्ण बदलाव किया जा सकता है। फिलहाल आदेश तत्काल प्रभाव से लागू रहेगा।
इन तीन मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध
पुराना एबी रोड: निरंजनपुर चौराहे से राजीव गांधी चौराहे तक।
एमजी रोड: पलासिया चौराहे से मृगनयनी चौराहे तक।
सुपर कॉरिडोर: पूरे सुपर कॉरिडोर क्षेत्र में ई-रिक्शा का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
