Jharkhand के उच्च शिक्षा मंत्री Sudivya Kumar का 56 साल की उम्र में निधन

By
On:
Follow Us


रांची, छह सितंबर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ नेता और राज्य के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा तथा नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार का निधन हो गया। पार्टी ने शनिवार को यह जानकारी दी। वह 56 वर्ष के थे।

झामुमो के एक नेता ने बताया कि कुमार का निधन हृदयाघात के कारण हुआ। गिरिडीह से विधायक कुमार के पास पर्यटन, कला एवं संस्कृति तथा खेल एवं युवा कार्य जैसे महत्वपूर्ण विभागों की भी जिम्मेदारी थी। झामुमो ने कुमार के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे पार्टी, सरकार और झारखंड के लिए ‘‘अपूरणीय क्षति’’ बताया।

पार्टी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘झारखंड मुक्ति मोर्चा परिवार झामुमो के समर्पित साथी और झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार के असामयिक निधन से स्तब्ध और बेहद दुखी है।’’
पार्टी ने कुमार के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। कुमार पहली बार 2019 में गिरिडीह से झारखंड विधानसभा के लिए निर्वाचित हुए थे। उनके परिवार में दो बेटियां और एक बेटा हैं।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के करीबी सहयोगी माने जाने वाले कुमार ने झामुमो के भीतर कई संकटों के हल में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इनमें 2024 में कथित भूमि धोखाधड़ी और धन शोधन मामले में सोरेन की गिरफ्तारी के दौरान पार्टी के सामने आया संकट भी शामिल है। कुमार इसी सप्ताह कर्नाटक से लौटे थे, जहां उन्होंने झारखंड में पर्यटन बुनियादी ढांचे के प्रबंधन को बेहतर बनाने के तरीके तलाशने संबंधी राज्य सरकार के एक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया था।

उन्होंने कर्नाटक के पर्यटन मंत्री के. जे. जॉर्ज से मुलाकात की और दोनों राज्यों के बीच पर्यटन तथा वन प्रबंधन के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की। कुमार के अचानक निधन से झामुमो और झारखंड सरकार में शोक की लहर है।



Source link

For Feedback - vindhyaajtak@gmail.com 

विज्ञापन

WhatsApp Image 2026-08-14 at 10.20.28 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 10.20.27 PM

Leave a Comment

Breaking News