निर्वाचन आयोग ने महाराष्ट्र में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत दावे और आपत्तियां दाखिल करने की समयसीमा बढ़ाकर 13 नवंबर कर दी है। इससे पहले दावे और आपत्तियां दाखिल करने की अंतिम तारीख 26 अक्टूबर निर्धारित की गई थी। निर्वाचन आयोग ने 29 अक्टूबर को जारी एक पत्र में नोटिस चरण और दावों एवं आपत्तियों के निपटारे की समयसीमा भी बढ़ाकर 25 नवंबर कर दी।
आयोग ने कहा कि अंतिम मतदाता सूची 30 नवंबर को प्रकाशित की जाएगी। पत्र के अनुसार, संशोधित कार्यक्रम महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुरोध के बाद जारी किया गया है। इस बीच, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने निर्वाचन आयोग द्वारा समयसीमा बढ़ाए जाने की घोषणा के बाद नागरिकों से मसौदा मतदाता सूची में अपना नाम और विवरण जांचने की अपील की।
फडणवीस ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि समयसीमा बढ़ने से पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने, मौजूदा प्रविष्टियों में गलतियां सुधारने या जरूरत पड़ने पर आपत्तियां दर्ज कराने का एक और अवसर मिला है। मुख्यमंत्री ने कहा, सटीक मतदाता सूची मजबूत लोकतंत्र के लिए आवश्यक है। नागरिकों की भागीदारी लोकतांत्रिक प्रक्रिया की विश्वसनीयता को मजबूत करती है।


