MP News: उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि विन्ध्य में विकास की अपार संभावनाओं के अनुरूप विकास कार्य किये जा रहे हैं। लक्ष्य व दिशा सही हो तो बांधाएं अपने आप ही दूर हो जाती हैं। जन-प्रतिनिधियों का दायित्व है कि वह जनता को परिणाम दें।
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री एवं श्रम मंत्री और रीवा जिले के प्रभारी मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, राज्य मंत्री नगरीय विकास एवं आवास प्रतिमा बागरी ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विशिष्ट जनों को शॉल-श्रीफल व प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। सांसद रीवा जनार्दन मिश्र, विधायक मैहर श्रीकांत चतुर्वेदी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
संसाधनों के साथ विन्ध्य के नागरिकों का जज़्बा क्षेत्र को विकास के मार्ग में कर रहा अग्रसर: मंत्री श्री पटेल
मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि विन्ध्य में जल, जंगल की उपलब्धता के साथ ही यहां के लोगों में जज्बा है। खनिज की प्रचुरता व परिवहन सुविधाओं से यह क्षेत्र विकास के मार्ग पर अग्रसर है। गंगाजी के निकट से जुड़े इस क्षेत्र में संसाधनों की कमी नहीं है। आने वाले समय में विन्ध्य देश में अपना अग्रणी स्थान रखेगा। उन्होंने कहा कि विकास सामर्थ्य को बढ़ाता है। युवा पीढ़ी को आने वाले खतरे से सचेत रहते हुए नशे से दूर रहना होगा तभी सुनहरे कल का उदय होगा। उन्होंने रीवा व विन्ध्य क्षेत्र के उज्जवल भविष्य के लिये शुभकामनाएँ दी। राज्य मंत्री श्रीमती बागरी ने कहा कि विन्ध्य तेजी से विकास के मार्ग पर अग्रसर है। विकास, अधोसंरचना निर्माण व अन्य क्षेत्रों में सरकार के सहयोग से विन्ध्य उड़ान भर रहा है।