Punjab Congress अध्यक्ष बने Pargat Singh, बोले संगठन मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा से करूंगा काम

By
—
On:
Follow Us


चंडीगढ़, तीन अक्टूबर कांग्रेस की पंजाब इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के बाद परगट सिंह ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए शनिवार को कहा कि वह पूरी निष्ठा के साथ पार्टी को मजबूत करने तथा राज्य की जनता की सेवा करने के लिए काम करेंगे। कांग्रेस ने अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के इस्तीफा देने के बाद शुक्रवार को परगट सिंह को पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) का अध्यक्ष नियुक्त किया। सिंह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मुझे पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपने के लिए मैं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाद्रा, के. सी. वेणुगोपाल, पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट और कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेताओं का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं पंजाब में कांग्रेस को मजबूत करने और अपने राज्य की जनता की सेवा करने के लिए पूरी निष्ठा तथा प्रतिबद्धता के साथ काम करूंगा।’’
परगट सिंह (61) भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान हैं और उन्होंने 1992 तथा 1996 ओलंपिक में भारतीय टीम की कप्तानी की थी।

उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत शिरोमणि अकाली दल के साथ की थी, लेकिन बाद में कांग्रेस में शामिल हो गए थे। वह जालंधर छावनी से तीन बार विधायक रह चुके हैं और पूर्व कैबिनेट मंत्री भी हैं। पंजाब के दोआबा क्षेत्र से आने वाले सिंह को ऐसे समय प्रदेश कांग्रेस की कमान सौंपी गई है, जब राज्य इकाई के नेतृत्व को लेकर कई सप्ताह से अंदरूनी खींचतान जारी थी और इससे विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के अभियान पर असर पड़ने की आशंका थी।

राज्य में विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले परगट सिंह को यह जिम्मेदारी सौंपे जाने पर प्रदेश कांग्रेस के कई नेताओं ने उन्हें बधाई दी। जालंधर में शुक्रवार रात परगट सिंह की पत्नी बरिंदर प्रीत कौर ने संवाददाताओं से कहा कि पार्टी ने उन्हें (परगट सिंह को) बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने कहा कि परगट खेल पृष्ठभूमि से आते हैं और उन्होंने जीवन में जो भी किया है, वह पूरी दृढ़ता के साथ किया है।

उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता ‘बदलाव’ का इंतजार कर रही है और आगामी विधानसभा चुनाव में वह कांग्रेस को सत्ता में लाएगी।



Source link

For Feedback - vindhyaajtak@gmail.com 

विज्ञापन

WhatsApp Image 2026-08-14 at 10.20.28 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 10.20.27 PM

Leave a Comment

Breaking News