केरलम में तिरुवनंतपुरम के एक स्कूल में दसवीं कक्षा के एक छात्र द्वारा सहपाठियों और वरिष्ठ छात्रों की तस्वीरों से छेड़छाड़ कर उन्हें दूसरे छात्र को भेजने के आरोप में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि छात्र ने सहपाठियों और दूसरी कक्षाओं के विद्यार्थियों की तस्वीरों से कथित तौर पर छेड़छाड़ करने के बाद इन्हें एक अन्य छात्र को भेजा।
इसने बताया कि ये तस्वीरें सोशल मीडिया पर प्रसारित नहीं की गई थीं। यह मामला तब सामने आया, जब एक तीसरे छात्र ने मोबाइल फोन पर छेड़छाड़ की गई तस्वीरों वाली चैट देखी और इसकी सूचना स्कूल प्रशासन को दी। अधिकारियों ने बताया कि स्कूल प्रशासन द्वारा साइबर पुलिस को घटना की जानकारी दिए जाने के बाद प्रारंभिक जांच शुरू की गई।
उन्होंने कहा कि इसके बाद अभिभावकों से मिली शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि मामले के कानूनी पहलुओं की जांच के बाद दोनों छात्रों के खिलाफ आगे की कार्रवाई तय की जाएगी, क्योंकि दोनों नाबालिग हैं। उन्होंने कहा कि स्कूल प्रशासन ने छात्रों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने का भी फैसला किया है।
