अनूपपुर, 23 नवंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में सोमवार तड़के तेज रफ्तार से जा रही एक बोलेरो कार सड़क के किनारे खड़े ट्रक से टकरा गयी।
पुलिस ने यह जानकारी देते हुए बताया कि हादसे में भारतीय सेना के एक जवान और उनके सगे भाई समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम ने बताया कि हादसा जिला मुख्यालय से करीब सात किलोमीटर दूर छूलहा गांव के पास कोतवाली थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह करीब चार बजे हुआ। बोलेरो कार सड़क के किनारे खड़े ट्रक में पीछे से घुस गई।
उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान दीनबंधु विश्वकर्मा (36), उनके छोटे भाई एवं सेना के जवान विनीत विश्वकर्मा (26) और बोलेरो मालिक मोहम्मद करीम (32) के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि हादसे में राजू तिवारी (30) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए शहडोल मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
विनीत के पिता जयकरण विश्वकर्मा ने बताया कि उनका सबसे छोटा बेटा सेना में था और दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर घर लौट रहा था। शादी छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में होनी थी।
उन्होंने बताया कि विनीत सोमवार तड़के करीब तीन बजे ट्रेन से अनूपपुर पहुंचा था। इसके बाद वह बोलेरो से घर जा रहा था। वाहन में उसके बड़े भाई दीनबंधु और दोस्त राजू तिवारी भी सवार थे।
दीनबंधु पंचायत में सेल्समैन के रूप में कार्यरत थे, जबकि बोलेरो मालिक मोहम्मद करीम धनगवां के निवासी थे।
पुलिस ने बताया कि परिजनों को सोमवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे हादसे की सूचना दी गई। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बोलेरो चालक ने वाहन से नियंत्रण किन परिस्थितियों में खोया।
भाषा सं दिमो मनीषा
मनीषा
