एआई से पूछकर दवा लेने का चलन रोकने के लिए कड़े नियमों की जरूरत : पीसीआई उपाध्यक्ष

By
—
On:
Follow Us

(हर्षवर्धन प्रकाश)

इंदौर (मध्यप्रदेश), 25 नवंबर (भाषा) कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के सुझावों के आधार पर दवाएं लेने के चलन के प्रति आगाह करते हुए ‘फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया’ (पीसीआई) के उपाध्यक्ष जशुभाई एच. चौधरी ने बुधवार को कहा कि इस विषय में एआई का अनियंत्रित इस्तेमाल रोकने के लिए सरकार को कड़े नियामक प्रावधान बनाने चाहिए।

चौधरी ने इंदौर में ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘शिक्षा और कई अन्य क्षेत्रों में एआई काफी मददगार है, लेकिन चिकित्सक या फार्मासिस्ट की सलाह के बगैर बीमारी के निदान और दवाओं के चयन के मामले में इस पर आंख मूंदकर भरोसा नहीं किया जा सकता। इस विषय में एआई के इस्तेमाल पर नियंत्रण के लिए सरकार को कड़े नियामक प्रावधान बनाने चाहिए।’’

उन्होंने एक सवाल पर कहा कि पीसीआई, ऑनलाइन फार्मेसी की अवधारणा का समर्थन नहीं करती क्योंकि इस स्थिति में भौतिक रूप से सत्यापित करना संभव नहीं होता कि ग्राहकों को दवाओं का वितरण कोई पंजीकृत फार्मासिस्ट कर रहा है या नहीं।

चौधरी ने जोर देकर कहा कि ऑनलाइन फार्मेसी के नियमन के लिए कड़े प्रावधान होने चाहिए और पीसीआई ने इस संबंध में सरकार को समय-समय पर अपने सुझाव भेजे हैं।

पीसीआई, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अधीन एक वैधानिक निकाय है।

पीसीआई उपाध्यक्ष ने कहा कि ‘एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस’ (एएमआर) पूरे स्वास्थ्य सेवा तंत्र के लिए उभरता हुआ खतरा है और यह मरीजों के ‘‘अदृश्य दुश्मन’’ की तरह काम करता है।

‘एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस’ यानी रोगाणुरोधी प्रतिरोध ऐसी स्थिति है जिसमें बैक्टीरिया, वायरस, फफूंद या परजीवी पर उन्हें खत्म करने वाली दवाओं का असर कम या समाप्त हो जाता है। इसके परिणामस्वरूप संक्रमणों का इलाज मुश्किल या असंभव हो जाता है जिससे लोगों में बीमारी फैलने, गंभीर रूप से बीमार होने, दिव्यांगता और मृत्यु का खतरा बढ़ जाता है।

चौधरी ने बताया कि पीसीआई एएमआर के खतरे के बारे में लोगों को अलग-अलग अभियानों के जरिये जागरूक कर रही है।

उन्होंने बताया कि इन अभियानों में हिस्सा लेने वाले विद्यार्थियों को ‘एएमआर वॉरियर्स’ के रूप में तैयार किया जा रहा है जो लोगों के बीच जाकर उन्हें इस खतरे के प्रति जागरूक करेंगे।

चौधरी ने कहा, ‘‘लोगों को चिकित्सक या फार्मासिस्ट की सलाह के बिना एंटीमाइक्रोबियल दवाएं, विशेषकर एंटीबायोटिक्स, नहीं लेनी चाहिए। जरूरत पड़ने पर इन दवाओं की पूरी खुराक ली जानी चाहिए।’’

पीसीआई द्वारा स्थानीय संगठनों के सहयोग से ‘स्वस्थ भारत : एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस के खिलाफ मुकाबला’ की थीम पर आयोजित समारोह में हिस्सा लेने इंदौर आए चौधरी ने यह भी बताया कि पीसीआई फार्मेसी विद्यार्थियों के लिए अगले साल जनवरी से मार्च के बीच देश भर में कम से कम आठ राज्यस्तरीय रोजगार मेलों की योजना बना रही है।

भाषा हर्ष शफीक

शफीक

Source link

For Feedback - vindhyaajtak@gmail.com 

विज्ञापन

WhatsApp Image 2026-08-14 at 10.20.28 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 10.20.27 PM

Leave a Comment

Breaking News