कांग्रेस ने जबलपुर में निकाला ‘संविधान रक्षा संकल्प मार्च’, मताधिकार पर संकट का लगाया आरोप

By
—
On:
Follow Us

जबलपुर, 26 नवंबर (भाषा) कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को संविधान दिवस के मौके पर यहां ‘संविधान रक्षा संकल्प मार्च’ निकाला और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित अनियमितता व ‘वोट चोरी’ के मुद्दे को उठाते हुए आरोप लगाया कि लोगों के मताधिकार पर संकट मंडरा रहा है।

शहर के मालवीय चौक से आरंभ हुए इस मार्च में प्रदेश कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया और संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों की रक्षा तथा लोकतांत्रिक अधिकारों को सुरक्षित रखने का संकल्प दोहराया।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि संविधान की रक्षा करना देश के हर नागरिक और कांग्रेस परिवार की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि आजादी के बाद बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित संविधान निर्माताओं ने देश को ऐसा संविधान दिया, जिसने प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, सम्मान और स्वतंत्रता प्रदान की।

पटवारी ने कहा कि संविधान ने यह सुनिश्चित किया कि देश किसी व्यक्ति विशेष की इच्छा से नहीं, बल्कि संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक व्यवस्था के आधार पर चले।

उन्होंने कहा कि बाबा साहेब आंबेडकर ने संविधान और लोकतंत्र के सामने आने वाली चुनौतियों को लेकर पहले ही आगाह किया था कि यदि कोई अधिनायकवादी सोच संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने और लोकतांत्रिक मूल्यों को दबाने का प्रयास करती है, तो संविधान की रक्षा करना हम सभी का दायित्व है।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘आज देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था और नागरिकों के सबसे महत्वपूर्ण अधिकार मताधिकार पर संकट को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ऐसे समय में संविधान की रक्षा केवल किसी एक राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक का संकल्प होना चाहिए।’

मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नीतियों और मंसूबों पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश को दोबारा गुलामी की ओर ले जाने के किसी भी प्रयास को स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा, ‘भाजपा को देश चलाने से पहले संविधान पढ़ना चाहिए और उसके मूल्यों को समझना चाहिए।

सिंघार ने कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान, लोकतंत्र और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए आखिरी दम तक लड़ाई लड़ती रहेगी।

पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों से कहा कि उन्हें मतदाता सूची वोटर सूची पर पैनी निगाह रखनी होगी।

उन्होंने कहा कि यह लड़ाई केवल कांग्रेस पार्टी की नहीं, बल्कि देश के लोकतांत्रिक अधिकारों और संविधान की रक्षा की लड़ाई है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाता सूचियों पर सतर्क निगरानी रखें और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी के प्रति सजग रहें।

मार्च में राज्यसभा सदस्य विवेक तन्खा, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य कमलेश्वर पटेल, पूर्व सांसद नकुलनाथ, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, तरुण भनोट, लखन घनघोरिया, जयवर्धन सिंह सहित विधायक और वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

भाषा ब्रजेन्द्र जोहेब

जोहेब

Source link

For Feedback - vindhyaajtak@gmail.com 

विज्ञापन

WhatsApp Image 2026-08-14 at 10.20.28 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 10.20.27 PM

Leave a Comment

Breaking News