चित्रकूट में मंदाकिनी नदी में बिना शोधन के गंदा पानी छोड़े जाने पर एनजीटी ने जताई चिंता

By
—
On:
Follow Us

भोपाल, 26 नवंबर (भाषा) राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने मध्यप्रदेश के चित्रकूट में मंदाकिनी नदी में बिना शोधन के गंदा पानी छोड़े जाने पर चिंता जताते हुए कहा है कि नगर के लिए प्रस्तावित अवजल शोधन संयंत्र (एसटीपी) अब तक चालू नहीं हुआ है। वहीं, प्रदूषण फैलाने के मामले में 103 प्रतिष्ठानों को वैधानिक नोटिस जारी किए गए हैं।

एनजीटी की भोपाल स्थित केंद्रीय क्षेत्रीय पीठ ने वर्ष 2013 में सामाजिक कार्यकर्ता नित्यानंद मिश्रा द्वारा मध्यप्रदेश सरकार और अन्य के खिलाफ दायर मामले से संबंधित निष्पादन आवेदन पर 23 नवंबर को सुनवाई करते हुए यह टिप्पणी की।

मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एमपीपीसीबी) द्वारा अधिकरण में पेश की गई निरीक्षण रिपोर्ट में बताया गया है कि चित्रकूट के कई होटल, आश्रम, धर्मशालाओं, अतिथि गृहों और अन्य प्रतिष्ठानों से निकलने वाला बिना शोधन का गंदा पानी मंदाकिनी नदी में छोड़ा जा रहा है।

चित्रकूट तीर्थस्थल मध्यप्रदेश के सतना जिले और उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में फैला हुआ है। इसका भगवान राम के वनवास काल से जुड़ा धार्मिक महत्व है और यहां हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।

दीपावली पर भी श्रद्धालुओं ने मंदाकिनी नदी के तट पर दीपदान किया था और भगवान राम, माता सीता तथा लक्ष्मण से जुड़ी इस पवित्र नदी में दीप प्रवाहित किए थे।

एनजीटी अध्यक्ष न्यायमूर्ति प्रकाश श्रीवास्तव की अध्यक्षता वाली पीठ में न्यायिक सदस्य न्यायमूर्ति शिव कुमार सिंह और विशेषज्ञ सदस्य सुधीर कुमार चतुर्वेदी शामिल थे। पीठ ने 10 अप्रैल 2026 को दिए गए निर्देशों के अनुपालन में एमपीपीसीबी की ओर से पेश निरीक्षण रिपोर्ट पर गौर किया।

10 अगस्त 2026 की इस रिपोर्ट में कहा गया है कि चित्रकूट नगर के लिए प्रस्तावित अवजल शोधन संयंत्र का निर्माण कार्य अब भी जारी है।

बोर्ड ने बताया कि एसटीपी चालू नहीं होने के कारण नगर क्षेत्र से निकलने वाले घरेलू अवजल और गंदे पानी के समुचित शोधन की कोई व्यवस्था नहीं है।

एमपीपीसीबी के निरीक्षण में पता चला कि कई होटल, धर्मशालाओं, आश्रमों, अतिथि गृहों और अन्य प्रतिष्ठानों का बिना शोधन वाला गंदा पानी सीधे या नालों के माध्यम से मंदाकिनी नदी में छोड़ा जा रहा है, जोकि जल (प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण) अधिनियम, 1974 का उल्लंघन है।

बोर्ड के सतना स्थित क्षेत्रीय कार्यालय ने 103 प्रतिष्ठानों को वैधानिक नोटिस जारी कर सुधारात्मक कदम उठाने और नदी में बिना शोधन का गंदा पानी नहीं छोड़ने के निर्देश दिए हैं। इन नोटिसों की प्रतियां और संबंधित प्रतिष्ठानों की सूची भी अधिकरण में पेश की गई।

अधिकरण ने इन तथ्यों पर गौर करते हुए कहा कि रिपोर्ट से ठोस और तरल कचरे के उत्पादन तथा उसके शोधन के बीच अंतर और एसटीपी के चालू नहीं होने की स्थिति सामने आती है।

सुनवाई के दौरान एमपीपीसीबी के वकील ने उल्लंघन करने वालों पर पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति लगाने और उनके खिलाफ अभियोजन शुरू करने के लिए की गई कार्रवाई का ब्योरा पेश करने के सिलसिले में दो सप्ताह का समय मांगा।

आवेदक मिश्रा के वकील ने भी यह जांचने के लिए दो सप्ताह का समय मांगा कि क्या 103 प्रतिष्ठानों को नोटिस तामील किए जाने का प्रमाण अधिकरण के समक्ष पेश किया गया है।

अधिकरण ने मामले की अगली सुनवाई छह जनवरी को तय की है।

भाषा सं दिमो जोहेब

जोहेब

Source link

For Feedback - vindhyaajtak@gmail.com 

विज्ञापन

WhatsApp Image 2026-08-14 at 10.20.28 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 10.20.27 PM

Leave a Comment

Breaking News