मुरैना में परिवार के सदस्यों को बंधक बनाकर लूटे 50 लाख रुपये, जेवरात और बंदूक भी लूट ली |

By
—
On:
Follow Us

मुरैना (मप्र), दो जुलाई (भाषा) मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में एक परिवार के सदस्यों को हथियार का भय दिखा कर अपराधियों ने बंधक बना लिया और 50 लाख रुपये नकदी सहित करीब एक करोड़ रुपये के गहने तथा 12 बोर की एक लाइसेंसी बंदूक लूट ली। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि यह घटना जौरा तहसील के आलापुर गांव में मंगलवार रात डेढ़ बजे के करीब हुई और इस दौरान राजकुमार यादव उनकी पत्नी मंजू यादव और दो बच्चे घर पर ही थे।

मंजू गांव की सरपंच हैं जबकि उनके पति राजकुमार एक राजनीतिक दल से जुड़े हुए हैं।

जौरा थाना प्रभारी उदयभान सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत पर लूट-पाट और डकैती सहित भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

उन्होंने बताया कि आरोपियों में से एक को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि दो अब भी फरार हैं। उन्होंने कहा, ‘उनके रिश्तेदारों के यहां दबिश दी जा रही है।’

राजकुमार ने बताया कि रात डेढ़ बजे के करीब चार लोग हथियार लेकर घर में घुस आए जबकि कुछ बाहर खड़े थे। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने पुलिस को कॉल करने की कोशिश की तो लुटेरों ने उनपर कट्टा तान दिया तथा परिवार के सभी सदस्यों के हाथ-पैर बांधकर तिजोरी की चाबी ले ली और जेवरात तथा एक बंदूक लूटकर फरार हो गए।

उन्होंने दावा किया कि जमीन की रजिस्ट्री के लिए घर में रखे 50 लाख रुपये भी वे लूट कर ले गए।

मुरैना के पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ ने बुधवार को घटना स्थल का निरीक्षण किया और कहा कि यह गंभीर मामला है। उन्होंने कहा, ‘बहुत जल्द हम इस मामले का खुलासा करेंगे।’

भाषा सं ब्रजेन्द्र सुभाष

सुभाष

Source link

For Feedback - vindhyaajtak@gmail.com 

विज्ञापन

WhatsApp Image 2026-08-14 at 10.20.28 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 10.20.27 PM

Leave a Comment

Breaking News