BJP MLA Sachin Birla PA Death मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में बड़वाह से भाजपा विधायक सचिन बिरला के निजी सहायक संदीप बिरला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। संदीप बिरला का शव रविवार सुबह बेड़िया के बाहर सड़क किनारे एक नाली में मिला। संदीप शुक्रवार रात बाइक से अपने गांव जाने के लिए निकले थे, लेकिन घर नहीं पहुंचे। पुलिस प्रथमदृष्टया इसे सड़क दुर्घटना मान रही है, हालांकि हादसे की परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं हो पाई हैं। पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम भी मामले की जांच में जुटी है। निजी सचिव संदीप बिरला का सड़क किनारे शव मिलने से हड़कंप मच गया।
10 सालों से विधायक के साथ
पुलिस के अनुसार, संदीप बिरला दीपावली मिलन समारोह की तैयारियों के सिलसिले में शुक्रवार रात करीब 11 बजे बड़वाह पहुंचे थे। वह पिछले 10 वर्षों से अधिक समय से विधायक सचिन बिरला के साथ निजी सहायक के रूप में कार्यरत थे। बड़वाह में एक होटल में भोजन करने के बाद वह अपनी बाइक से बेड़िया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गृहग्राम डूडगांव के लिए रवाना हुए थे। आशंका जताई जा रही है कि है किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हुई है। हादसे के बाद सचिन बिरला सहित बीजेपी नेता और ग्रामीण मौके ओर अस्पताल पहुंचे।
दीपावली मिलन समारोह की तैयारियों पहुंचे थे बड़वाह
दरअसल संदीप आज सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल और विधायक सचिन बिरला के दीपावली मिलन समारोह की तैयारियों के सिलसिले में कल रात करीब 11 बजे बड़वाह पहुंचे थे। होटल में भोजन करने के बाद वे बाइक से अपने गांव डूडगांव के लिए निकले, लेकिन घर नहीं पहुंचे। बेड़िया के बाहर सड़क किनारे उनका शव मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बाइक दुर्घटनाग्रस्त हुई थी और संदीप के सिर पर गंभीर चोट आई थी।
हादसे की जांच जारी
हादसे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। घटना की खबर मिलते ही बेड़िया सिविल अस्पताल में नागरिकों की भीड़ लग गई। विधायक सचिन बिरला अपने सहयोगी के निधन से भावुक हो गए। सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने भी अस्पताल पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त किया। संदीप के आकस्मिक निधन के चलते भाजपा ने दीपावली मिलन समारोह निरस्त कर दिया है। पोस्टमार्टम के बाद उनका पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए गृहग्राम डूडगांव ले जाया गया। फिलहाल फॉरेंसिक टीम हादसे की जांच कर रही है।
