मुख्यमंत्री यादव ने संघ परिवार की भूमिका को सराहा, कांग्रेस से की माफी की मांग |

By
On:
Follow Us

भोपाल, 25 जून (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बुधवार को आपातकाल की 50वीं बरसी पर कहा कि लोकतंत्र की बहाली में संघ परिवार और तत्कालीन विपक्षी नेताओं का योगदान ऐतिहासिक था।

उन्होंने कांग्रेस के मौजूदा नेतृत्व से आपातकाल के कलंक के लिए देश की जनता से माफी की मांग की।

यादव ने एक बयान में कहा कि आपातकाल के खिलाफ लड़ने वालों के संघर्ष के कारण भारत आज दुनिया का सबसे बड़ा और जीवंत गणराज्य बन गया है।

पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने 25 जून 1975 को देश में आपातकाल लगा दिया था और इस दौरान कई नेताओं, मानवाधिकार कार्यकर्ताओं और पत्रकारों को जेल में डाल दिया गया तथा प्रेस की आजादी पर भी अंकुश लगाया गया था।

सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आपातकाल लगाए जाने की बरसी को ‘संविधान हत्या दिवस’ के रूप में मना रही है।

यादव ने कहा, ‘‘लोकतंत्र की पुनर्स्थापना में संघ परिवार और तत्कालीन विपक्षी नेताओं का योगदान ऐतिहासिक है। भारतीय जनसंघ, जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सहित कई देशभक्त संगठनों ने लोकतंत्र की रक्षा और बहाली में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपातकाल के खिलाफ लड़ाई ठीक वैसी ही है जैसे देश की आजादी के लिए लड़ी गई थी।

उन्होंने कहा, ‘‘अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी, मोरारजी भाई देसाई, चौधरी चरण सिंह और अन्य प्रभावशाली विपक्षी नेताओं ने लोकतंत्र को बचाने के संघर्ष में साहसिक भूमिका निभाई।’’

मुख्यमंत्री ने आपातकाल के खिलाफ और देश की आजादी के लिए लड़ने वालों को नमन करते हुए कहा, ‘‘हमारी पार्टी और हमारे वैचारिक परिवार ने आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लोकतंत्र को बचाने और भारत को एक मजबूत गणतंत्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।’’

मुख्यमंत्री ने बाद में इंदौर में पत्रकारों से बातचीत में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि यह पार्टी हमेशा से संविधान का मखौल उड़ाती रही है।

उन्होंने कहा,‘‘देश पर आपातकाल का कलंक कांग्रेस के शासनकाल में लगा था और लोकतंत्र को बंदी बना लिया गया था। इसके लिए कांग्रेस के वर्तमान नेतृत्व को जनता से क्षमा मांगनी चाहिए।’’

भाषा ब्रजेन्द्र जितेंद्र

जितेंद्र

Source link

For Feedback - vindhyaajtak@gmail.com 
Join Our WhatsApp Channel

Leave a Comment

Live TV