Sports News: मध्य प्रदेश के विभिन्न स्तरों (ब्लॉक, जिला, संभाग, राज्य) पर 11 से 31 जनवरी तक आयोजित “खेलो एमपी यूथ गेम्स 2026” में सिंगरौली जिले के विक्रम सिंह, रोहित गुप्ता एवं सूर्यबली सिंह ने अलग-अलग स्पर्धाओं में रजत पदक जीतकर अपने स्कूल, परिवार, गांव और जिले का नाम रोशन किया है।
अदाणी फाउंडेशन के सहयोग से खनुआ गांव स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल में संचालित स्पोर्ट्स अकादमी में अनुभवी कोचों के मार्गदर्शन में नियमित अभ्यास के बल पर इन बच्चों ने जबलपुर स्थित रानीताल में आयोजित तीरंदाजी प्रतियोगिताओं में रजत पदक जीतकर राज्य स्तर पर अपनी उपलब्धियां दर्ज कराई हैं। सभी विजेता खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, प्रशिक्षकों और अदाणी फाउंडेशन स्पोर्ट्स अकादमी को दिया। बच्चों और उनके अभिभावकों का कहना है कि यदि अदाणी फाउंडेशन की सीएसआर टीम ने यह पहल न की होती, तो शायद वे इस मुकाम तक नहीं पहुँच पाते।
कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत वर्ष 2023–24 में बंधौरा स्थित पावर प्लांट तथा धिरौली और सुलियरी स्थित परियोजनाओं के आसपास के गांवों के इच्छुक बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अदाणी फाउंडेशन स्पोर्ट्स अकादमी की शुरुआत हायर सेकेंडरी स्कूल, खनुआ परिसर से की गई।
खो-खो, कबड्डी, तीरंदाजी, ऊंची कूद और वॉलीबॉल जैसे खेलों में स्थानीय आदिवासी समुदाय एवं आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कुशल एवं अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा उन्हें निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि उनके सपनों को नई उड़ान मिल सके। उल्लेखनीय है कि अदाणी फाउंडेशन द्वारा संचालित इस अकादमी के माध्यम से अब तक कुल 122 स्कूली छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है।
इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों की खेल प्रतिभा को निखारना और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व के लिए तैयार करना है। अकादमी से निकल रहे खिलाड़ियों के लगातार बेहतर प्रदर्शन के कारण खनुआ स्थित यह तीरंदाजी अकादमी अब पूरे जिले के लिए गौरव का केंद्र बनती जा रही है।
हालही में खनुआ स्थित डीएवी स्कूल की कक्षा 7 की छात्रा वर्षा साह ने नोएडा में आयोजित डीएवी संस्थानों की राष्ट्रीय तीरंदाजी चैंपियनशिप में अंडर-14 आयु वर्ग की 50 मीटर स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर अपने स्कूल, परिवार, गांव और जिले का नाम रोशन किया है। मूल रूप से मझौली पाठ गांव की निवासी वर्षा ने बेहद कम समय में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया है।
वहीं अकादमी के दो प्रतिभाशाली खिलाड़ी—सूर्यबली सिंह (कक्षा 12, शासकीय विद्यालय, खनुआ) और रोहित गुप्ता (कक्षा 11, शासकीय विद्यालय, खनुआ)—ने सिंगरौली जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए राज्य स्तरीय सब-जूनियर तीरंदाजी चैंपियनशिप में भाग लिया। यह प्रतियोगिता 8 एवं 9 नवंबर 2025 को खेल प्राधिकरण प्रशिक्षण केंद्र, धार (मध्य प्रदेश) में आयोजित की गई थी।
यदि प्रयास सच्ची लगन से किया जाए, तो हर कठिन मंज़िल भी आसान हो जाती है। इस कथन को साकार कर दिखाया है अदाणी फाउंडेशन की सीएसआर टीम ने, जिसने पहाड़ी और दूर-दराज़ क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों के भविष्य को नई दिशा दी है। लगभग दो वर्ष पूर्व अदाणी फाउंडेशन ने अपने थर्मल पावर प्लांट एवं खनन क्षेत्रों के आसपास के पहाड़ी गांवों एवं दुर्गम अंचलों में इस मुहिम की शुरुआत की थी। खनुआ स्थित विद्यालय के बच्चों ने प्रशिक्षण को पूरी निष्ठा के साथ जारी रखा। नियमित अभ्यास, प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और अदाणी फाउंडेशन के निरंतर सहयोग से बच्चों ने खेल को अपने जीवन का लक्ष्य बना लिया है।
आज विजेता बच्चों के माता-पिता और शिक्षक इस प्रयास पर गर्व महसूस कर रहे हैं तथा अदाणी फाउंडेशन टीम को उनके सतत सहयोग, विश्वास और समर्पण के लिए हृदय से धन्यवाद दे रहे हैं। उल्लेखनीय है कि “खेलो एमपी यूथ गेम्स 2026” का आयोजन 11 से 31 जनवरी 2026 तक मध्य प्रदेश के विभिन्न स्तरों (ब्लॉक, जिला, संभाग, राज्य) पर किया गया। यह 19 वर्ष तक के युवाओं के लिए एक बहुस्तरीय खेल प्रतियोगिता है, जिसमें 28 खेलों में एक लाख से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया।