सागर: मध्य प्रदेश के सागर जिले के खुरई में सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत के बाद जमकर हंगामा हो गया। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने परसा चौराहे पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया (Sagar Road Accident News)। मामले में ग्राम बरेठा के सरपंच पुत्र रूपेश रजक पर वाहन से टक्कर मारने का आरोप लगाया गया है। आक्रोशित परिजनों ने आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाने, पीड़ित परिवार को जमीन आवंटित करने और तत्काल मुआवजा देने की मांग की है। मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार खुरई क्षेत्र के ग्राम तोड़ा काछी निवासी चंद्रभान कुशवाहा सड़क हादसे में घायल हो गए थे। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मामले में ग्राम बरेठा के सरपंच पुत्र रूपेश रजक पर अपने वाहन से टक्कर मारने का आरोप लगाया गया है। सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजन और ग्रामीण शव लेकर परसा चौराहे पहुंचे और शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया।
प्रदर्शनकारियों ने की कार्रवाई की मांग
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि गांव में सरपंच और उनके पुत्र का दबदबा है। ग्रामीणों ने पूर्व में गोली चलाने और एक सरकारी कर्मचारी के साथ मारपीट जैसी घटनाओं का भी जिक्र करते हुए कार्रवाई की मांग उठाई। चक्काजाम के दौरान परिजनों ने प्रशासन के सामने तीन प्रमुख मांगें रखीं। उनकी मांग है कि आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाया जाए, पीड़ित परिवार को जमीन आवंटित की जाए और तत्काल आर्थिक मुआवजा दिया जाए। परिजनों का कहना है कि चंद्रभान ही परिवार के भरण-पोषण का मुख्य सहारा थे। उनकी मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। घटना और चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाइश देकर स्थिति संभालने का प्रयास किया।
इन्हें भी पढ़ें:-
