इंदौर के कार्यक्रम में दोसांझ के ‘पटियाला पैग’ गीत गाए जाने पर विवाद

By
—
On:
Follow Us

इंदौर, 16 नवंबर (भाषा) पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के इंदौर में रविवार रात आयोजित ‘लाइव कंसर्ट’ में जिला बाल संरक्षण अधिकारी (डीसीपीओ) के निर्देशों के खिलाफ कथित तौर पर ‘पटियाला पैग’ गीत गाए जाने को लेकर सोमवार को विवाद खड़ा हो गया।

डीसीपीओ का कहना है कि पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के एक आदेश का अध्ययन करने के बाद इस मामले में आगामी कदम उठाए जाएंगे।

डीसीपीओ रजनीश सिन्हा ने एक शिकायत पर छह नवंबर को स्थानीय आयोजन स्थल के प्रबंधक को पत्र लिखकर निर्देश दिए थे कि दोसांझ के कार्यक्रम में ‘पटियाला पैग’, ‘5 तारा ठेके’, ‘जेब विचो फीम’ और ‘जट्ट फायर करदा’ गीतों की प्रस्तुति नहीं दिया जाना सुनिश्चित किया जाए।

शिकायत में कहा गया था कि कथित तौर पर शराब और हिंसा को बढ़ावा देने वाले इन गीतों का छोटे बच्चों पर गलत प्रभाव पड़ सकता है।

हालांकि, दोसांझ ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक प्रशंसक का बनाया वीडियो साझा किया जिसमें वह इंदौर के कार्यक्रम में ‘पटियाला पैग’ गाने की प्रस्तुति देते नजर आ रहे हैं।

इस विवाद के बारे में पूछे जाने पर डीसीपीओ सिन्हा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि उन्होंने चंडीगढ़ निवासी डॉ. पंडितराव धारेनावर की शिकायत पर इंदौर के कार्यक्रम में दोसांझ के चार गीतों की प्रस्तुति नहीं दिए जाने के बारे में निर्देश जारी किए थे।

उन्होंने बताया कि धारेनावर ने अपनी शिकायत में पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के एक फैसले का हवाला दिया था।

सिन्हा ने बताया,‘‘मैंने शिकायतकर्ता से कहा है कि वह मुझे इस फैसले की प्रति भेजें। फैसले के अध्ययन के बाद ही पता चल सकेगा कि इसमें ‘लाइव कंसर्ट’ जैसे कार्यक्रमों में किसी विशिष्ट गायक के किसी विशिष्ट गाने की प्रस्तुति पर रोक लगाई गई है या नहीं।’’

उन्होंने कहा कि फैसले के अध्ययन के बाद ही बताया जा सकेगा कि दोसांझ के इंदौर में आयोजित कार्यक्रम में पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के आदेश की अवहेलना का कोई मामला बनता है या नहीं।

सिन्हा ने कहा कि फैसले के अध्ययन के बाद आगामी कदम उठाए जाएंगे और जरूरत पड़ने पर पंजाब के संबंधित डीसीपीओ को पत्र लिखा जाएगा।

दोसांझ (42) ने रविवार रात इंदौर में अपने ‘लाइव कंसर्ट’ के दौरान कहा था कि तमाम पाबंदियों और अफवाहों के बाद भी वह अपनी प्रस्तुति देने पहुंचे। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें शहर में प्रस्तुति देने से रोकने की कोशिश की गई, इसके बावजूद उन्होंने बिना डरे श्रोताओं से किया गया वादा निभाया।

पंजाबी गायक ने पाबंदियों पर नाराजगी भरे लहजे में कहा था,‘‘यह नहीं गाना..वह नहीं गाना। यह नहीं कर सकते, वह नहीं कर सकते।’’

इसके तुरंत बाद दोसांझ ने राहत इंदौरी की एक मशहूर गजल के शेर पढ़ते हुए कहा था,‘‘हमारे मुंह से जो निकले वही सदाकत है, हमारे मुंह में तुम्हारी जुबान थोड़ी है…सभी का खून शामिल है यहां की मिट्टी में, किसी के बाप का हिंदोस्तान थोड़ी है।’’

इंदौर में दोसांझ का कार्यक्रम पिछले कई दिनों से चर्चा में रहा है। कार्यक्रम में बम विस्फोट की धमकी को लेकर महापौर कार्यालय, तीन बैंकों और तीन निजी विद्यालयों को ई-मेल भेजे गए थे। हालांकि, पुलिस ने जांच के बाद इन संदेशों को पहली नजर में फर्जी बताया था।

पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय ने 22 जुलाई 2019 को पंजाब और हरियाणा राज्यों तथा केंद्रशासित प्रदेश चंडीगढ़ के पुलिस महानिदेशकों को निर्देश दिया था कि शराब, मादक पदार्थों और हिंसा का महिमामंडन करने वाला कोई भी गाना किसी भी कार्यक्रम में, यहां तक कि ‘लाइव शो’ में भी नहीं बजाया जाए।

अदालत ने अपने आदेश में रेखांकित किया था कि ऐसे गानों का कम उम्र के बच्चों पर प्रभाव पड़ता है।

भाषा

हर्ष रवि कांत

Source link

For Feedback - vindhyaajtak@gmail.com 

विज्ञापन

WhatsApp Image 2026-08-14 at 10.20.28 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 10.20.27 PM

Leave a Comment

Breaking News