मप्र : अदालत से हरी झंडी मिलते ही भोपाल के ऐशबाग में 599 जनता क्वार्टर गिराने की कार्रवाई शुरू

By
—
On:
Follow Us

भोपाल, 23 नवंबर (भाषा) मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय से हरी झंडी मिलने के अगले ही दिन सोमवार को राजधानी भोपाल के ऐशबाग इलाके में जर्जर घोषित किए गए 600 जनता क्वार्टर में से 599 को तोड़ने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय ने रविवार को अवकाश के दिन सुनवाई करते हुए एक याचिकाकर्ता को 25 नवंबर तक अंतरिम राहत दी तथा शेष 599 क्वार्टर गिराने की मंजूरी दी थी।

भोपाल के ऐशबाग स्थित मध्यप्रदेश हाउसिंग बोर्ड द्वारा करीब 40 साल पहले बनाए गए इन जनता क्वार्टर्स को 2016 में जर्जर घोषित किया गया था। इनमें तकरीबन 3,000 लोग रहते हैं ।

अदालत की मंजूरी के बाद रविवार शाम ही जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम की टीम सक्रिय हो गई और इलाके में बड़ी संख्या में अवरोधक लगाते हुए आने-जाने वाले रास्तों को बंद कर दिया गया।

एक अधिकारी ने नाम न जाहिर करने की शर्त पर बताया कि इस पूरी कार्रवाई में चार उप जिलाधिकारी, 10 तहसीलदार और तकरीबन एक हजार की संख्या में पुलिस और नगर निगम के कर्मचारी शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि इसमें पोकलेन मशीनों और बुलडोजर का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।

अधिकारी ने कहा कि पूरी कार्रवाई चूंकि अदालत के आदेश पर की जा रही है, इसलिए वह इससे अधिक कुछ भी नहीं बता सकते।

हाउसिंग बोर्ड की योजना के तहत इन जर्जर मकानों की जगह आधुनिक फ्लैट बनाए जाने का प्रस्ताव है। मध्यप्रदेश पुनर्विकास नीति-2022 के अंतर्गत इस पूरी जमीन का नए सिरे से विकास किया जाएगा और पुराने मकानों को हटाकर बहुमंजिला आवासीय परिसर बनाया जाएगा।

निर्माण कार्य पूरा होने और दोबारा कब्जा मिलने तक वैकल्पिक आवास के लिए किराया देने की पेशकश भी की गई है।

इसके तहत हाउसिंग बोर्ड ने पहले सभी रहवासियों को 13 नवंबर तक मकान अनिवार्य रूप से खाली करने और अपना सामान हटाने का अंतिम नोटिस जारी कर दिया था।

इस फैसले को जबलपुर उच्च न्यायालय में चुनौती दी गई थी। इस पर सुनवाई करते हुए अदालत ने मकानों को गिराने की कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग को खारिज कर दिया था।

अदालत ने एक याचिकाकर्ता के मकान को तोड़ने पर अगली सुनवाई तक अंतरिम रोक लगा दी थी, जिसपर अगली सुनवाई 25 नवम्बर को निर्धारित की गयी है।

मोहम्मद हाफिज खान की तरफ से दायर की गयी याचिका में कहा गया था कि हाउसिंग बोर्ड के द्वारा बनाई गयी उक्त कॉलोनी में उनके मकान का नम्बर 465 है।

याचिकाकर्ता की तरफ से बताया गया था कि जिलाधिकारी द्वारा प्रस्तावित 1200 से 1500 रुपये मासिक किराया मौजूदा बाजार दरों से काफी कम है।

उन्होंने अदालत से आग्रह किया था कि उचित किराया तय होने के बाद ही संबंधित मकान को तोड़ा जाए।

सुनवाई के दौरान इस पर हाउसिंग बोर्ड ने सहमति जताते हुए जिलाधिकारी और याचिकाकर्ता के साथ बैठक कर किराया तय करने का आश्वासन दिया।

एकलपीठ ने अगली सुनवाई तक याचिकाकर्ता का मकान तोड़ने पर रोक लगा दी।

भाषा ब्रजेन्द्र

मनीषा

मनीषा

Source link

For Feedback - vindhyaajtak@gmail.com 

विज्ञापन

WhatsApp Image 2026-08-14 at 10.20.28 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 10.20.27 PM

Leave a Comment

Breaking News