Rewa Student Cardiac Arrest Death: मध्यप्रदेश के रीवा से एक दिल को झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। जिले के चोरहटा थाना क्षेत्र स्थित गुरुकुल स्कूल के हॉस्टल में एक 13 वर्षीय छात्र की कार्डियक अरेस्ट से मौत हो गई। मृतक की पहचान सूर्यांश गुप्ता के रूप में हुई है, जो कक्षा छठवीं का छात्र था और स्कूल के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। बच्चे की मौत से हॉस्टल में सनसनी फ़ैल गई है।
रात को खाना खाकर सोया, फिर नहीं उठा सूर्यांश
जानकारी के मुताबिक, स्कूल प्रबंधन ने बताया कि मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे सूर्यांश डिनर करने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। सुबह जब स्कूल स्टाफ उसे पीटी (फिजिकल ट्रेनिंग) के लिए उठाने पहुंचा, तो वह नहीं उठा। इसके बाद तत्काल स्कूल प्रबंधन द्वारा उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंचे।
पोस्टमार्टम में हुई पुष्टि
डॉक्टरों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में छात्र की मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट बताई गई है। सूर्यांश रीवा जिले के जवा गांव निवासी बृजेश गुप्ता का बेटा था। वह पिछले दो साल से गुरुकुल विद्यालय में पढ़ाई कर रहा था और हॉस्टल में रह रहा था। अस्पताल अधीक्षक डॉ. प्रियंका शर्मा ने भी कार्डियक अरेस्ट से छात्र की मौत होने की पुष्टि की है।
कार्डियक अरेस्ट क्या है? इसके लक्षण और बचाव के उपाय
कार्डियक अरेस्ट (Cardiac Arrest) एक गंभीर स्थिति है, जिसमें व्यक्ति का दिल अचानक काम करना बंद कर देता है। इससे शरीर में खून और ऑक्सीजन की सप्लाई रुक जाती है। ऐसे में व्यक्ति अचानक बेहोश होकर गिर सकता है। समय पर इलाज नहीं मिलने पर कुछ ही मिनटों में उसकी जान जा सकती है।
कार्डियक अरेस्ट और हार्ट अटैक में अंतर समझना जरूरी है। हार्ट अटैक में दिल तक खून पहुंचाने वाली नसों में रुकावट आती है, जबकि कार्डियक अरेस्ट में दिल की धड़कन अचानक बंद या असामान्य हो जाती है। हार्ट अटैक कभी-कभी कार्डियक अरेस्ट की वजह भी बन सकता है।
1. कार्डियक अरेस्ट के प्रमुख लक्षण
- कार्डियक अरेस्ट अक्सर बिना किसी चेतावनी के हो सकता है। इसके प्रमुख लक्षण हैं:
- अचानक बेहोश होकर गिर जाना।
- दिल की धड़कन बंद हो जाना या सामान्य न रहना।
- सांस बंद हो जाना या असामान्य तरीके से हांफना।
- अचानक चक्कर आना और होश खो देना।
- शरीर में कोई प्रतिक्रिया न होना।
- कभी-कभी सीने में दर्द, घबराहट या सांस लेने में परेशानी होना।
2. बच्चों और युवाओं में खतरा क्यों?
- जन्मजात हृदय रोग।
- दिल की मांसपेशियों से जुड़ी बीमारी (कार्डियोमायोपैथी)।
- दिल की धड़कन में गड़बड़ी।
- आनुवंशिक कारणों से होने वाली हृदय संबंधी बीमारियां।
- दिल की मांसपेशियों में सूजन (मायोकार्डाइटिस)।
- कुछ मामलों में पहले से मौजूद बीमारी का पता न चलना।
3.कार्डियक अरेस्ट से बचाव के उपाय
- समय-समय पर डॉक्टर से जांच कराएं। जरूरत पड़ने पर ईसीजी और इकोकार्डियोग्राफी जैसी जांच कराई जा सकती है।
- दौड़ने या खेलने के दौरान सीने में दर्द, चक्कर या बेहोशी आए तो तुरंत खेलना बंद करें और डॉक्टर को दिखाएं।
- बच्चों को उनकी उम्र के अनुसार पर्याप्त नींद लेने दें।
- फल, हरी सब्जियां, दाल और पौष्टिक भोजन दें।
- तंबाकू, सिगरेट और अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहें।
- दिल से जुड़ी किसी बीमारी या असामान्य धड़कन को नजरअंदाज न करें।
- परिवार में किसी की कम उम्र में अचानक मौत हुई हो तो बच्चों की हृदय संबंधी जांच के लिए विशेषज्ञ से सलाह लें।
4. कार्डियक अरेस्ट आने पर क्या करें?
- तुरंत एंबुलेंस बुलाएं।
- आसपास के लोगों से मदद लें।
- व्यक्ति की छाती के बीच वाले हिस्से पर हाथ रखकर सीपीआर दें।
- छाती को तेजी से दबाएं। वयस्कों में प्रति मिनट 100 से 120 बार छाती दबाने की गति रखें।
- मेडिकल टीम के पहुंचने तक सीपीआर जारी रखें।
