कभी क्रिकेटर और पायलट बनना चाहते थे सलीम खान, प्रदर्शनी में सामने आईं अनसुनी कहानियां

By
—
On:
Follow Us

इंदौर (मध्यप्रदेश), 24 नवंबर (भाषा) हिंदी सिनेमा को ‘शोले’, ‘दीवार’ और ‘जंजीर’ जैसी यादगार फिल्मों की पटकथा लिखने वाली जोड़ी सलीम-जावेद में शामिल सलीम खान युवावस्था में क्रिकेटर बनना चाहते थे और उन्होंने कमर्शियल पायलट बनने का प्रशिक्षण भी लिया था।

खान के 91वें जन्मदिन पर उनकी जन्मस्थली इंदौर में मंगलवार को आयोजित ‘जश्न-ए-सलीम’ समारोह में लगाई गई एक प्रदर्शनी में उनके जीवन की ऐसी ही अनसुनी कहानियों को तस्वीरों के जरिये पेश किया गया है।

प्रदर्शनी के एक चित्र के मुताबिक इंदौर के क्रिश्चियन कॉलेज की क्रिकेट टीम का हिस्सा रहे युवा सलीम खान को भारत के पहले टेस्ट कप्तान सीके नायडू ने क्रिकेट के गुर सिखाए थे और तब वह उनकी तरह क्रिकेटर बनना चाहते थे।

प्रदर्शनी का एक अन्य चित्र बताता है कि इंदौर में 24 नवंबर 1935 को जन्मे खान ने कमर्शियल पायलट बनने का प्रशिक्षण भी लिया था।

प्रदर्शनी में खान के पुरखों के करीब 200 साल पुराने इतिहास की झलकियां भी पेश की गई हैं। इसमें 25 चित्रों के जरिये उनके बचपन, पारिवारिक पृष्ठभूमि, अभिनय के शुरुआती दिनों और सलीम-जावेद की जोड़ी के सिनेमाई योगदान को भी दर्शाया गया है।

समारोह के आयोजकों में शामिल लेखक जसीम खान ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘प्रदर्शनी के जरिये सलीम खान के व्यक्तित्व, उनके पारिवारिक इतिहास और हिंदी सिनेमा में उनके योगदान को लोगों तक पहुंचाने की कोशिश की गई है।’’

प्रदर्शनी के लिए तस्वीरें बनाने वाले कलाकार और पेशे से होम्योपैथी चिकित्सक डॉ. इमरान खान ने बताया कि इन चित्रों को तैयार करने में उन्हें करीब दो साल लगे और इस अनुभव ने उन्हें कलात्मक रूप से समृद्ध किया।

भाषा

हर्ष रवि कांत

Source link

For Feedback - vindhyaajtak@gmail.com 

विज्ञापन

WhatsApp Image 2026-08-14 at 10.20.28 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 10.20.27 PM

Leave a Comment

Breaking News